रांची। झारखंड में बंगाल से सेक्स रैकेट चलाने के बड़े धंधे का भंडाफोड़ हुआ है। दरअसल झारखंड की राजधानी रांची में हाल के दिनों में पुलिस ने कुछ सेक्स रैकेट गिरोह को पकड़ा है, जिनसे पूछताछ के आधार पर इस मामले में कई बड़े खुलासे सामने आ रहे हैं। पुलिस ने इन अलग-अलग गिरोह को पकड़ने के बाद अबतक जिन कड़ियों को जोड़ा है, उसके अनुसार झारखंड की राजधानी रांची में जो भी सेक्स रैकेट काम कर रहा है उसे बंगाल से ऑपरेट किए जाने की खबर मिली है। इस पूरे रैकेट में एक महिला का नाम सामने आ रहा है, जो इस मामले में किंगपिन भी बताई जा रही है।
दरअसल रांची में हाल के दिनों में शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस के द्वारा कार्रवाई करते हुए संगठित रूप से चल रहे जिस्मफरोशी के धंधे पर नकेल कसने का काम किया। इस मामले में न सिर्फ राज्य बल्कि बंगाल के साथ विदेशो की भी लड़कियां पुलिस के हत्थे चढ़ी। पुलिस के द्वारा की जा रही कार्रवाई का नतीजा यह है कि एक महीने के भीतर 55 महिला और पुरुषों को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। वहीं इन लोगों से पूछताछ में बंगाल की एक महिला का नाम सामने आया है जो रांची में चल रहे जिस्मफरोशी के धंधे को कोलकाता में रहकर ऑपरेट कर रही है।
रांची के होटलों में महिला की थी अच्छी पैठ
पुलिस की जांच के अनुसार ज्यादातर लड़कियों का कनेक्शन इस महिला से मिला है। इसी महिला के जरिए आॅनलाइन बुकिंग की जाती थी और उसके कहने पर ही लड़कियों को ग्राहकों के पास भेजा जाता था। जांच में यह बात भी सामने आई है कि किंगपिन महिला की रांची के होटलों में अच्छी पैठ थी। वहीं यह बात भी सामने आई है कि बांग्लादेश से लड़कियों को बॉर्डर क्रॉस कराने में भी इस महिला का हाथ था। यह महिला दूसरी लड़कियों को भी पैसे की चकाचौंध दिखा उन्हे इस धंधे में भेज दिया करती थी।
मजबूरी के नाम पर धंधे में कराया जाता था शामिल
पुलिस फिलहाल इस महिला को तलाश करने में जुटी है। रांची एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि जिस्मफरोशी का धंधा भले रांची में हो रहा है। लेकिन, इसके तार बंगाल से जुड़े हैं। इसको लेकर कई जानकारी मिली है। बहरहाल पुलिस की जांच में यह बात भी सामने आई है कि ज्यादातर लड़कियां मजबूरी में इस धंधे में ट्रैप हो गई हैं।