-संजय सेठ ने रांची की जनता का आभार जताया
-भाजपा ने संजय सेठ की जीत की खुशी में विजय जुलूस निकाला
रांची। भाजपा महानगर के नेतृत्व में रांची के सांसद संजय सेठ के विजयी होने पर विजय जुलूस निकाला गया। बुधवार को सांसद आवास से काली मंदिर तक यह शोभायात्रा निकाली गयी। काली मंदिर और हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना के बाद जुलूस समाप्त हुआ। शोभा यात्रा में ढोल, ताशा नगाड़ा एवं राम दरबार की भव्य झांकी निकाली गयी। सांसद संजय सेठ ने अपनी जीत पर रांची की जनता को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत हमारी नहीं, यह रांची की जनता की जीत है। जो स्नेह और प्यार रांची लोकसभा की जनता ने दिया है, इसके लिए हृदय से धन्यवाद। रांची के जो अधूरे कार्य हैं, उन्हें पूर्ण करना है। रांची को नंबर वन बनाना है। रांची लोकसभा क्षेत्र में जो भी विकास के कार्य अधूरे हैं, उन्हें पूर्ण करेंगे। यहां की जनता के आकांक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास किया जायेगा। रांची की जनता के हर सुख दुख में साथ खड़े रहेंगे। रांची लोकसभा के सभी भाजपा के कार्यकर्ता, प्रदेश के पदाधिकारी, मंडल के पदाधिकारी, सभी सामाजिक धार्मिक संगठन, सभी लोग जिन्होंने सहयोग किया, लोगों को दिल की गहराइयों से बहुत आभार। इस नयी जिम्मेवारी के साथ और अधिक ऊर्जा के साथ रांची की जनता के लिए काम करेंगे। इस विजय जुलूस में रांची के पूर्व सांसद अजय मारू, रांची के विधायक सीपी सिंह, समरी लाल, नवीन जयसवाल, रांची महानगर के अध्यक्ष वरुण साहू, बलराम सिंह, किसान मोर्चा के ललित ओझा सहित रांची महानगर के सभी पदाधिकारी मंडल के अध्यक्ष सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।