रांची। विश्व हिंदू परिषद के केन्द्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा कि समाज और संस्कृति को बचाने के लिए प्रचार-प्रसार की भूमिका अहम है। मन वचन और व्यवहार से कोई वचन ऐसा ना निकले जिससे कुप्रचार हो। यह मत मानिए कि आपको कोई नहीं देख रहा हैं। ईश्वर सर्वत्र है।
बंसल रविवार को रांची के नामकुम स्थित एक होटल में आयोजित विश्व हिंदू परिषद् झारखंड प्रांत की एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि ईमानदारी और निष्ठा से प्रचार-प्रसार का कार्य करना जरूरी है। इससे आपकी साख और ख्याति बढ़ेगी।
क्षेत्रीय मंत्री वीरेंद्र विमल ने कहा कि समाज में सोशल मीडिया युद्ध चल रहा है और इससे कोई भी बचे हुए नहीं है। आज समाज में सोशल मीडिया की भूमिका अहम है। क्षेत्र सहमंत्री वीरेंद्र साहू ने कहा कि प्रचार-प्रसार की भाषा अमर्यादित किसी भी रूप में नहीं होनी चाहिए। प्रचार-प्रसार संगठन और समाज के बीच में सेतु का कार्य करता है।
इस कार्यक्रम में प्रांत अध्यक्ष चंद्रकांत रायपात, प्रांत मंत्री मिथलेश्वर मिश्र, प्रांत संगठन मंत्री देवी सिंह, प्रांत सहमंत्री मनोज पोद्दार, प्रांत सहमंत्री रंगनाथ महतो, क्षेत्रीय सह मंत्री बीरेंद्र साहू, महानगर अध्यक्ष कैलाश केसरी, प्रांत विशेष संपर्क सहप्रमुख प्रिंस आजमानी, प्रांत प्रचार-प्रसार सह प्रमुख प्रकाश रंजन विशेष रूप से मौजूद रहे।