पंजाब विजिलेंस ने अमृतसर सहित कई ठिकानाें पर मारा छापामजीठिया के आवास से लैपटॉप, डायरियां व दस्तावेज किए गए जब्त
चंडीगढ़। पंजाब विजिलेंस ने पूर्व अकाली मंत्री बिक्रम मजीठिया को आय से अधिक संपत्ति के मामले में अमृतसर से गिरफ्तार किया गया है। मजीठिया के विरूद्ध मंगलवार की देररात मामला दर्ज किया गया था। मजीठिया की गिरफ्तारी की खबर सुनते ही पंजाब में कई जगह अकाली कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन भी किया।
विजिलेंस की टीम बुधवार सुबह एसएसपी लखबीर सिंह की अगुआई में मजीठिया के अमृतसर में ग्रीन एवेन्यू स्थित घर पर पहुंची। जहां कई घंटे तक सर्च के बाद मजीठिया को गिरफ्तार कर लिया गया। मजीठिया को गिरफ्तार करने से पहले अमृतसर में उनके आवास की तरफ जाने वाले सभी रास्तों को पुलिस ने सील कर दिया और भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया। विजिलेंस ब्यूरो मजीठिया को देर शाम मोहाली कोर्ट में पेश करेगा। विजिलेंस ने बिक्रम मजीठिया के घर से मोबाइल फोन, लैपटॉप, आईपैड, डायरियां और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं।
मजीठिया ने कहा कि सारी कार्रवाई राजनीतिक बदले की भावना से की जा रही है। मजीठिया की विधायक पत्नी गनीव कौर ने कहा कि विजिलेंस टीम ने घर में जबरन घुसकर धक्का-मुक्की की है। विजिलेंस ब्यूरो ने अभी तक इस संबंध में अधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। आम आदमी पार्टी की ओर जारी एक बयान में कहा गया है कि अमृतसर में 11, तरनतारन-4, संगरूर 3 और लुधियाना में 2 जगह पर विजिलेंस की छापेमारी की गई है।
मजीठिया की गिरफ्तारी पर पंजाब के मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि पंजाब में ‘युद्ध नशा के विरुद्ध’ एक बहुत बड़ा अभियान चल रहा है। जब अकाली दल और भाजपा सत्ता में थे, जब कांग्रेस पार्टी सत्ता में थी। तब इन लोगों ने नशा बेचा और पंजाब के युवाओं को नशे की ओर धकेला। इन्होंने पंजाब के लोगों को नशे की लत लगाने का काम किया। आम आदमी पार्टी की सरकार इसके खिलाफ लड़ रही है। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा चाहे वह कितना बड़ा क्यों न हो।
मजीठिया की गिरफ्तारी पर केंद्रीय राज्यमंत्री व भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि भगवंत मान का विजिलेंस का दुरुपयोग करना बहुत ही तुच्छ राजनीति का सबूत है। कांग्रेस ने आपातकाल लगाकर जो किया, भगवंत मान ने पंजाब में वही किया है। जो भी नेता सरकार की विफलताओं या उसकी वैधता पर सवाल उठाने की हिम्मत करता है, उसे धमकाया जाता है और चुप करा दिया जाता है।