जमशेदपुर। शहर में अपराधियों के बढ़ते हौसलों ने एक बार फिर पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शुक्रवार देर रात साकची के व्यस्त जुबिली रोड इलाके में खुलेआम फायरिंग की घटना से लोगों में दहशत फैल गई। हैरानी की बात यह है कि यह घटना एसएसपी कार्यालय से महज कुछ दूरी पर हुई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंताएं सामने आई हैं।

जानकारी के अनुसार, रात करीब 9:30 बजे जुबिली रोड स्थित ‘अभिषेक जुबिली’ दुकान के पास बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लगभग 40 से 50 लोग वहां चाय-नाश्ता और बातचीत में व्यस्त थे। इसी दौरान एक युवक पैदल वहां पहुंचा और अचानक हथियार निकालकर हवा में एक राउंड फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

घटना के बाद कई दुकानदारों ने एहतियातन अपनी दुकानें बंद कर दीं। फायरिंग करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मौके से एक खोखा बरामद किया है तथा आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। आरोपी की पहचान और उसकी गतिविधियों से जुड़े सुराग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।

हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने या किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस फायरिंग ने स्थानीय लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version