गिरिडीह। जामताड़ा-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के बेलाटांड़ गांव के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूली बच्चों से भरे एक टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो में सवार कई बच्चे घायल हो गए, जबकि एक छात्र की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टेंपो संख्या JH10AG-0598 में सवार होकर स्कूली बच्चे अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बेलाटांड़ गांव के पास सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने टेंपो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो में बैठे बच्चों के बीच चीख-पुकार मच गई और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे में घोसको गांव निवासी 8 वर्षीय पीयूष कुमार वर्मा, पिता पप्पू वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने पीयूष की नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया। अन्य घायल बच्चों का इलाज स्थानीय अस्पताल में किया गया।
घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही अहिल्यापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान करने में जुटी हुई है। इस हादसे के बाद क्षेत्र के लोगों ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा और स्कूल वाहनों की निगरानी को लेकर चिंता जताई है।



