नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के 12 वर्ष पूरा होने के मौके पर मंगलवार को यहां दीनदयाल मार्ग स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। ‘विकसित भारत के अमृत काल: 12 साल – सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण’ नाम की इस प्रदर्शनी में बदलते भारत की छवि दर्शायी गयी है, जो राष्ट्र निर्माण, किसान-गरीब उत्थान और विभिन्न क्षेत्रों में हुए ऐतिहासिक बदलावों को प्रदर्शित करती है।
नवीन ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, “मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आज भाजपा मुख्यालय में आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और इस विकास यात्रा के विभिन्न आयामों का अवलोकन किया। सेवा, सुशासन और अंत्योदय से प्रेरित यह कालखंड, सामूहिक सोच, सामूहिक संकल्प और ‘विकसित भारत 2047’ के सामूहिक स्वप्न को साकार करने की दिशा में निरंतर अग्रसर है।” इससे पहले उन्होंने एक्स पर एक अन्य पोस्ट में लिखा, “संकल्प से सिद्धि तक, 12 वर्षों में भारत ने विकास और आत्मनिर्भरता का एक नया अध्याय लिखा है। पीएम मोदी के नेतृत्व में, देश ‘विकसित भारत 2047’ की ओर मजबूती से आगे बढ़ रहा है।”
प्रदर्शनी के उद्घाटन के मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह, दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, पार्टी महासचिव तरुण चुग, पार्टी महासचिव दुष्यंत गौतम सहित कई अन्य नेता मौजूद रहे। गौतम ने सोशल मीडिया पर लिखा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में 12 वर्षों में ‘अंत्योदय’ के संकल्प को साकार करते हुए समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा, “आज मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भाजपा मुख्यालय में मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं ऐतिहासिक उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। यह प्रदर्शनी सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्षों की परिवर्तनकारी यात्रा को प्रदर्शित करती है।”
सिंह ने कहा, “इस तरह की प्रदर्शनी पूरे देश में लगाई जा रही है, जिसमें पीएम मोदी के नेतृत्व के पिछले 12 वर्षों को दिखाया गया है। एक ऐसा समय जो ऐतिहासिक उपलब्धियों और शानदार कामों से भरा रहा है।” उन्होंने कहा, “हर क्षेत्र में लोगों को ऐसी सुविधाएं मिली हैं जो सचमुच क्रांतिकारी हैं। इसीलिए मैं कहता हूं कि पीएम मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की योजनाओं के केंद्र में गरीब और किसान हैं। देश भर में आयोजित यह प्रदर्शनी पिछले बारह वर्षों की इन ऐतिहासिक उपलब्धियों को उजागर करती है।”



