रांची। रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित निवारणपुर में आरएसएस कार्यालय पर हुए हमले के मामले की जांच अब और तेज हो गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) की विशेष टीम सोमवार को घटनास्थल पहुंची और पूरे मामले की गहन जांच शुरू की। जांच एजेंसी इस हमले को विभिन्न पहलुओं से परख रही है तथा आतंकी एंगल से भी इसकी पड़ताल कर रही है।

मिली जानकारी के अनुसार एटीएस के वरिष्ठ अधिकारी और जवानों की टीम ने आरएसएस कार्यालय पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के दौरान कार्यालय परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को कब्जे में लिया गया है। डिजिटल फॉरेंसिक विशेषज्ञ इन फुटेज की जांच कर संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान करने में जुटे हैं।

एटीएस की टीम हमलावरों के आने और भागने के संभावित रास्तों की भी मैपिंग कर रही है। इसके अलावा स्थानीय लोगों, आसपास के दुकानदारों और कार्यालय से जुड़े लोगों से पूछताछ कर घटना से संबंधित अहम जानकारी जुटाई जा रही है।

जांच एजेंसियों का मानना है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही मामले से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं। फिलहाल एटीएस और स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से पूरे घटनाक्रम की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version