साउथ सिनेमा के सुपरस्टार सूर्या इन दिनों अपनी हालिया रिलीज फिल्म ‘करुप्पू’ की सफलता का जश्न मना रहे हैं। बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करने के बाद यह फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी दर्शकों का भरपूर प्यार हासिल कर रही है। इसी बीच अभिनेता की आगामी फिल्मों को लेकर फिल्म इंडस्ट्री में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सूर्या अपनी 50वीं फिल्म को खास बनाने की तैयारी में हैं। खबर है कि वह लोकप्रिय निर्देशक नेल्सन दिलीप कुमार के साथ काम करने के इच्छुक हैं। दिलचस्प बात यह है कि यह फिल्म एक कॉमेडी एंटरटेनर हो सकती है, जो सूर्या की अब तक की एक्शन प्रधान फिल्मों से बिल्कुल अलग होगी।

बताया जा रहा है कि सूर्या की टीम ने इस प्रोजेक्ट को लेकर नेल्सन से संपर्क किया है। हालांकि यह योजना अभी शुरुआती स्तर पर है और इसे लेकर किसी तरह की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। दूसरी ओर नेल्सन फिलहाल सुपरस्टार रजनीकांत की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जेलर 2’ में व्यस्त हैं। इसके अलावा वह अपने अन्य बड़े प्रोजेक्ट्स पर भी काम कर रहे हैं, जिसके कारण इस संभावित सहयोग को अंतिम रूप मिलने में समय लग सकता है।

वहीं, ‘करुप्पू’ के बाद अब फैंस की नजरें सूर्या की अगली फिल्म ‘विश्वनाथ एंड संस’ पर टिकी हैं। इस फिल्म में उनके साथ अभिनेत्री मामिता बैजू मुख्य भूमिका निभाती नजर आएंगी। फिल्म 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। खास बात यह है कि स्वतंत्रता दिवस वीकेंड पर इसका मुकाबला सनी देओल की ‘बटवारा 1947’ और इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ से होने वाला है, जिससे बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त टक्कर देखने को मिल सकती है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version