दो दर्जन से अधिक गांव को जोड़ती है यह सड़क, वैकल्पिक मार्ग से यातायात सुचारु
धनबाद। निरसा स्थित इसीएल की चापापुर ओसीपी के समीप बीती रात गोपालगंज-बेनागोरिया को जोड़ने वाली मुख्य ग्रामीण सड़क धंस गयी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि समीप में चल चापापुर ओपनकास्ट परियोजना में हैवी ब्लास्टिंग के कारण उक्त घटना घटी है। करीब 50 फीट लंबा और 14 फिट चौड़ी सड़क जमीन से करीब पांच फिट नीचे बैठ गयी है। इसके बाद से इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। गनीमत रही की घटना रात को उस समय हुई जब उक्त सड़क पर न तो कोई ग्रामीण और न ही कोई हाइवा चल रहा था। अन्यथा जान माल का भारी नुकसान से इंकार नहीं किया जा सकता था। वहीं दूसरी ओर जब इसकी जानकारी ग्रामीणों को हुई तो ग्रामीण आक्रोशित हो गये और ओपनकास्ट परियोजना पहुंच खनन कार्य रुकवा दिया। वहीं घटना की सूचना पाकर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच सुरक्षा के दृष्टिकोण से धंसान वाले स्थल के समीप बैरिकेडिंग कर दी। वहीं ग्रामीण और प्रबंधन के बीच वार्ता के बाद धंसान वाले स्थान के बगल से कच्चे रास्ते से वैकल्पिक मार्ग बना कर फिलहाल यातायात सुचारु करा दिया गया है।
सड़क धंसने से दो दर्जन से अधिक गांव प्रभावित
गोपालगंज-बेनागोरिया सड़क धंसने से निरसा प्रखंड के बेनागोङिया, घाघरा, सोनवाद, सिजुआ एवं पूर्वी, टुंडी की पांड्रा बेजरा पंचायत के लगभग 30 गांवों का यह मुख्य संपर्क पथ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिला परिषद एवं पीडब्ल्यूडी की यह सड़क वर्षों पुरानी है। वहीं आउटसोर्सिंग कंपनी भी भारी वाहनों से इसी रास्ते कोयला एवं ओबी डंप की ट्रांसपोर्टिंग कराती है।
ग्रामीणों का आरोप हैवी ब्लास्टिंग से हुआ धंसान
ग्रामीणों का आरोप है कि धंसान वाली सड़क के समीप 30-40 फिट दूर पर खनन कार्य में लगी आउटसोर्सिंग कंपनी द्वारा हैवी ब्लास्टिंग किया जाता है जिस कारण आसपास के बस्तियों में कंपन होता है, पूर्व में कई घरों में दरारें पड़ गयी हैं। ग्रामीणों के अनुसार हैवी ब्लास्टिंग के कारण ही गोपालगंज-बेनागोरिया सड़क भी धंसी है। ग्रामीणों ने स्थानीय जिला परिषद सदस्य पिंकी मरांडी के नेतृत्व में आउटसोर्सिंग परियोजना पहुंच खनन कार्य रुकवा दिया। वहीं बाद में स्थानीय एजेंट के साथ वार्ता के बाद ग्रामीण शांत हुए और खनन कार्य सुचारू हो सका।
आउटसोर्सिंग कंपनी के मनमानी के कारण सड़क धंसी: पिंकी मरांडी
जिला परिषद सदस्य पिंकी मरांडी से दूरभाष पर संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि आउटसोर्सिंग कंपनी के मनमानी के कारण सड़क धंसी है। उन्होंने कहा कि एजेंट के साथ वार्ता में मांग की गई है कि धंसे हुए सड़क की जल्द से जल्द मरम्मति कराया जाये और ऐसी घटना दोबारा न हो इसके लिए ठोस उपाय करने के साथ सड़क धंसने के सटीक कारणों को का पता कर उसका निराकरण करने की मांग की गयी है। फिलहाल वैकल्पिक मार्ग के सहारे आवागमन शुरू कर दिया गया है।



