नई दिल्ली। ईरान और अमेरिका के बीच शांति समझौता होने की खबर की वजह से ग्लोबल मार्केट से आज पॉजिटिव संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान मजबूती के साथ बंद हुए। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स भी आज बढ़त के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार पिछले सत्र के दौरान मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुए। वहीं एशियाई बाजार में आज आमतौर पर तेजी का रुख बना हुआ है।

अमेरिकी और ईरान के बीच समझौता होने के बाद बने उत्साह के माहौल में अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान मजबूती के साथ बंद हुए। डाउ जॉन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 468.77 अंक यानी 0.92 प्रतिशत बढ़ कर 51,671.03 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह एस एंड पी 500 इंडेक्स ने 122.83 अंक यानी 1.65 प्रतिशत की तेजी के साथ 7,554.29 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा नैस्डेक 795.10 अंक यानी 3.07 प्रतिशत की छलांग लगा कर 26,683.94 अंक के स्तर पर बंद हुआ। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 0.05 प्रतिशत की बढ़त के साथ 51,699 के स्तर पर पहुंचा हुआ है।

यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान मिला-जुला कारोबार होता रहा। एफटीएसई इंडेक्स 0.39 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 10,430.62 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसके विपरीत सीएसी इंडेक्स ने 0.40 प्रतिशत की मजबूती के साथ 8,384.01 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 258.71 अंक यानी 1.04 प्रतिशत की तेजी के साथ 24,894.01 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

एशिया में आज आमतौर पर तेजी का रुख बना हुआ नजर आ रहा है। एशिया के नौ बाजार में से सात के सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि दो सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में बने हुए हैं। हैंग सेंग इंडेक्स 299.67 अंक यानी 1.22 प्रतिशत टूट कर 24,543 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.12 प्रतिशत फिसल कर 1,589.86 अंक के स्तर पर आ गया है।

दूसरी ओर, गिफ्ट निफ्टी 0.01 प्रतिशत की सांकेतिक तेजी के साथ 23,933 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.06 प्रतिशत की मामूली मजबूती के साथ 4,098.85 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स ने आज जोरदार छलांग लगाई है। फिलहाल यह सूचकांक 247.31 अंक यानी 3.95 प्रतिशत उछल कर 6,254.97 अंक के स्तर पर आ गया है।

इसी तरह कोस्पी इंडेक्स 181.20 अंक यानी 2.12 प्रतिशत की बढ़त के साथ 8,727.18 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसके अलावा निक्केई इंडेक्स 467.50 अंक यानी 0.67 प्रतिशत की मजबूती के साथ 69,785 अंक के स्तर पर, ताइवान वेटेड इंडेक्स 302.44 अंक यानी 0.67 प्रतिशत की तेजी के साथ 45,699.43 अंक के स्तर पर और स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.54 प्रतिशत की बढ़त के साथ 5,104.72 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version