सीवान। नगर थाना क्षेत्र के पचमंदिरा मोहल्ले में किराए के मकान में रहकर सिपाही भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रही एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्रा का शव उसके कमरे में पंखे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मृतका की पहचान जामो थाना क्षेत्र के बेलडीहा गांव निवासी बलिराम राम की पुत्री सोनी कुमारी के रूप में हुई है।

बताया जाता है कि सोनी पिछले दो महीने से नगर थाना क्षेत्र के पश्चिमी मंदिर निवासी राधेश्याम सिंह के मकान में किराए पर रहकर सिपाही भर्ती की तैयारी कर रही थी। जानकारी के अनुसार मकान मालिक राधेश्याम सिंह अपने पुत्र की शादी में शामिल होने के लिए दिल्ली गए हुए थे।  शनिवार की रात करीब एक बजे जब वे वापस अपने घर पहुंचे तो छात्रा के कमरे में उसका शव पंखे से लटका हुआ देखा। यह देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल नगर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारकर अपने कब्जे में लिया। इसके बाद मृतका के परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलने पर परिजन सीवान पहुंचे और शव की पहचान की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।

फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। नगर थाना पुलिस मामले की सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version