काठमांडू। विश्व योग दिवस के अवसर पर नेपाल की राजधानी काठमांडू में रविवार को भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दशरथ रंगशाला स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सरकारी अधिकारी, कर्मचारी, योग प्रशिक्षक और स्वास्थ्य जागरूक नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य योग के प्रति लोगों को जागरूक करना और इसके स्वास्थ्य लाभों का संदेश जन-जन तक पहुंचाना था।

नेपाल के शिक्षा तथा खेलकूद मंत्रालय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में नेपाल सरकार के मुख्य सचिव सुमनराज अर्याल, विभिन्न मंत्रालयों के सचिवों सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर योग की उपयोगिता और उसके सकारात्मक प्रभावों को प्रदर्शित किया।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी और तनावपूर्ण जीवनशैली में योग शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन बनाए रखने का प्रभावी माध्यम बन गया है। योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक शांति, एकाग्रता और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

हर वर्ष 21 जून को मनाए जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का उद्देश्य लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। नेपाल सरकार भी इस अवसर पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर नागरिकों को नियमित योग करने के लिए प्रोत्साहित करती है। विशेषज्ञों का मानना है कि नियमित योगाभ्यास से तनाव कम होता है, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और जीवन की गुणवत्ता में सुधार आता है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version