रांची: अनंतनाग में अमरनाथ यात्रियों पर हुए आतंकी हमले के विरोध में यूथ कांग्रेस ने अल्बर्ट एक्का चौक पर आतंकवाद का पुतला फूंका। इससे पहले प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाला और आतंकवाद एवं पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचे। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस के प्रदेश महासचिव डॉ राजेश गुप्ता छोटू ने कहा कि अमरनाथ यात्रियों पर हुए आतंकी हमले से आज पूरा देश गम और गुस्से में है और सरकार कार्रवाई के बजाय निंदा में व्यस्त है ।
प्रदेश प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद में कहा कि अमरनाथ यात्रियों पर हमला कर आतंकवादियों ने कायरता का परिचय दिया है। सरकार हमले की निंदा करने के बजाय आतंकवादियों और पाकिस्तान पर कड़ी कार्रवाई करे। प्रदर्शन करने वालों में मानस सिन्हा, सुरेंद्र सिंह, प्रभात कुमार, जगदीश साहू, कुलदीप कुमार, राजेश कुजूर, पंचम सिंह, चंदन सिंह, लाल मोहित नाथ शाहदेव और वेद प्रकाश तिवारी समेत कई कार्यकर्ता शामिल थे।