रांची: नयी दिल्ली से रांची पहुंची एयर एशिया विमान की लैंडिंग से पहले ही इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश की गयी। इसके बाद सभी यात्री दहशत में आ गये। देखते ही देखते चर्चा फैल गयी कि विमान हाइजैक हो गया है। दरअसल सोमवार की देर रात नयी दिल्ली से रांची लौट रहे बरियातू निवासी डॉ आफताब अहमद पिता डॉ मुश्ताक अहमद दिल्ली से फ्लाइट उड़ते ही अनाप-शनाप हरकतें कर रहा था। उसने रांची में लैंडिंग से कुछ ही देर पहले इमरजेंसी गेट जबरन खोलने की कोशिश की। इस पर वहां मौजूद फ्लाइट कर्मी उसकी ओर दौड़ पड़े और उसे रोका। इस पर वह हंगामा करने लगा। वह अजीबोगरीब हरकत भी कर रहा था।
हंगामा करता देख अन्य कर्मी पहुंचे और उसे लैंडिंग तक पकड़ कर रखा। फ्लाइट कर्मियों द्वारा पकड़े जाने पर उसने धक्का-मुक्की भी की। इससे फ्लाइटकर्मियों के साथ-साथ आफताब को हल्की चोट भी लगी। फ्लाइट कर्मी उसे एयरपोर्ट सुरक्षा अधिकारी के पास ले गये। इस बीच पुलिस को सूचना दी गयी। सूचना पाकर मौके पर डोरंडा पुलिस पहुंची और आफताब को हिरासत में लेकर देर रात रिम्स में भर्ती कराया। यहां के डॉक्टरों ने उसकी जांच के बाद उसे मनोरोगी बताकर कांके स्थित सीआइपी रेफर कर दिया। इधर एयरपोर्ट सेक्रेटरी विनीता शर्मा की ओर से डोरंडा थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है, जिसकी पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।