रांची: राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि पर्यावरण असंतुलन के कारण बेमौसम अतिवृष्टि, अनावृष्टि, सूखा और बाढ़ जैसी समस्याएं आ रही है। इसके कारण करोड़ों लोग प्रभावित हो रहे हैं। पर्यावरण की सुरक्षा के प्रति सबको संवेदनशील होना होगा। पृथ्वी के जीवों की रक्षा के लिए पर्यावरण सुरक्षा के प्रति सभी को तेजी से आगे बढ़ना होगा। उन्होंने कहा कि जहां तक हमारे राज्य की बात है, यह प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण है। वन, पहाड़, झरने जैसी चीजें हमारी जिंदगी में एक अहम भूमिका निभा रहे हैं। हमें अपनी इस निराली मनमोहक प्रकृति को बचाकर रखना है। हमें स्वयं के साथ अन्य को भी जागरूक करना होगा कि किस प्रकार विकास के साथ-साथ पर्यावरण की रक्षा की जा सकती है। राज्यपाल शनिवार को विकास भारती के हरियरी महोत्सव का शुभारंभ कर रही थी।
उन्होंने कहा कि लोग अधिक-से-अधिक पेड़ लगायें और उनकी नियमित देखभाल करें, ताकि ये हमारी हरियाली प्रकृति बनी रहें। उन्होंने प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि प्रसिद्ध समाजसेवी पद्मश्री अशोक भगत के नेतृत्व में विकास भारती राज्य के लोगों के स्वास्थ्य के प्रति भी जागरूकता फैला रही है। सभी को निरोग जीवन के लिए योग के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में जल-जमाव से मलेरिया, डायरिया, कालाजार जैसी बीमारियों का प्रकोप देखने को मिलता है। इसलिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को निरोग रहने के लिए अपने आस-पास के वातावरण को स्वच्छ रखना होगा। इसके लिए प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना स्वच्छ भारत अभियान पर बल दिया जा रहा है।
मौके पर अशोक भगत ने कहा कि स्वस्थ्य समाज के लिए वातावरण का भी स्वच्छ होना बेहद जरूरी है। इसके लिए उन्होंने कार्यक्रम में आये लोगों का आह्वान किया वे भी एक-एक पेड़ अवश्य लगाये। मौके पर कई नेता और अन्य लोग उपस्थित थे।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.



