एनडीए के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार रामनाथ कोविंद सीएम आवास पहुंच चुके हैं। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने उनका स्वागत किया।

वहीं रांची एयरपोर्ट पर कैलाश विजयवर्गीय, लक्ष्मण गिलुवा, रामविचार नेताम, सरयू राय, सीपी सिंह, आदित्य साहू, दीपक प्रकाश, रामकुमार पाहन, उषा पांडे, आदि नेताओं ने उनका स्वागत किया।

वह पार्टी के सांसदों व विधायकों से मिलेंगे। मुख्यमंत्री रघुवर दास के आवास पर बुधवार को एनडीए के सांसदों और विधायकों की बैठक होगी। इसी बैठक में कोविंद की सभी से मुलाकात होगी।

उधर, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा मंगलवार को प्रोजेक्ट भवन में मुख्यमंत्री रघुवर दास से मिले। मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार रामनाथ कोविंद के रांची आगमन और प्रदेश कार्यसमिति की प्रस्तावित बैठक को लेकर मुख्यमंत्री से बातचीत हुई। उन्होंने का कि बुधवार को मुख्यमंत्री आवास पर बैठक होगी। इसके बाद कार्यसमिति के बारे में कुछ फैसला लिया जाएगा।

विशेष विमान से दोपहर में रांची आएंगे रामनाथ

भाजपा के प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश ने बताया कि एनडीए के राष्ट्रपति के उम्मीदवार रामनाथ कोविंद दोपहर 12 बजे विशेष विमान से रांची पहुंचेंगे। उनके साथ केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार, राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय, सांसद आलोक संजर व संजय घोतेर भी आएंगे। रांची हवाई अड्डे पर भाजपा महानगर की ओर से उनका स्वागत किया जाएगा। मुख्यमंत्री आवास पर सांसद और विधायकों से मिलने के बाद कोविंद दोपहर तीन बजे दिल्ली लौट जाएंगे।

विपक्ष की तुलना में सत्तारूढ़ गठबंधन के वोट दोगुना

राष्ट्रपति चुनाव के लिए राज्य में मतों के विभाजन को देखें, तो विपक्ष की तुलना में सत्ता पक्ष एनडीए का वोट दोगुना होता है। निर्दलीय व छोटे दलों के विधायकों का निर्णय साफ नहीं है, लेकिन इनमें से दो का रुझान सत्तारूढ़ गठबंधन के उम्मीदवार की ओर है।

राज्य में कुल 28,416 वोट

झारखंड में लोकसभा के 14 और राज्यसभा के छह समेत कुल 20 सांसद हैं। लोकसभा और राज्यसभा सांसदों के वोट का मूल्य 14,160 हैं। राज्य में कुल 81 विधायक हैं। विधानसभा सदस्यों के वोट मूल्य 14,256 होते हैं। कुल मिलाकर वोटों की संख्या 28,416 होती है।

सांसदों के वोट

लोकसभा में भाजपा के 12 व राज्यसभा में दो सदस्यों (मुख्तार अब्बास नकवी व महेश पोद्दार) को मिला दें, तो 14 वोट भाजपा के ही हैं। निर्दलीय राज्यसभा सदस्य परिमल नथवाणी भाजपा उम्मीदवार के साथ जाएंगे, इसमें शायद ही कोई संदेह होगा। लोकसभा में झामुमो के दो और राज्यसभा में झामुमो के एक सदस्य मिलाकर तीन होते हैं। तीनों के वोट विपक्षी उम्मीदवार के साथ जाएंगे। राज्यसभा में राजद के एक सांसद प्रेमचंद गुप्ता व कांग्रेस के सदस्य प्रदीप बलमुचू के मत विपक्षी खेमे को ही जाएंगे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version