गिरिडीह: भाजपा कार्यसमिति की बैठक में पहले दिन ही मिशन 2019 की कार्ययोजना पर मुहर लग गयी। तय हुआ कि 2019 में होनेवाले विधानसभा में 60 प्लस सीटों पर जीत दर्ज की जायेगी। साथ ही लोकसभा में विपक्ष का पूरी तरह सफाया कर दिया जायेगा, यानी झारखंड की 14 लोकसभा सीटों पर 100 प्रतिशत कब्जा। भाजपा यह मान कर चल रही है कि अगला लोकसभा और विधानसभा चुनाव साथ-साथ होना है। इस लक्ष्य को पाने के लिए कार्यसमिति ने बकायदा पूरा खाका तैयार कर लिया है। इसके तहत बूथ से लेकर राज्य स्तर तक के तमाम राजनीतिक कार्यक्रम तय किये गये हैं। कार्यसमिति की बैठक की शुरुआत दीप जला कर की गयी।
पार्टी के थिंक टैकरों का मानना है कि जिस टीम में युवा जोश हो, अनुभव की कोई कमी न हो, उसके लिए कोई भी लक्ष्य बड़ा नहीं हो सकता। वैसे में यह लक्ष्य और भी आसान हो जाता है कि केंद्र और राज्य सरकार ने यह ठान लिया है कि समाज की अंतिम पंक्ति में बैठे अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचा कर रहेंगे। आला नेताओं ने मिशन 2019 के रण में अभी से ही कूद जाने का आह्वान किया। कहा कि चुनाव के मद्देनजर 2017 और 2018 का साल काफी अहम होगा। मौके पर थिंक टैंकरों ने बताया कि कैसे इस लक्ष्य को आसानी से पाया जा सकता है।

योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने का आह्वान
पत्रकारों से बातचीत में विधायक अनंत ओझा ने कार्यसमिति की बैठक की जानकारी दी। बताया कि तमाम कार्यक्रमों की फेहरिस्त तैयार की जा रही है। इसके तहत बूथ से लेकर राज्य स्तर तक के कार्यक्रम होंगे। कार्यक्रम को लक्ष्य बना कर प्रचंड बहुमत को पाया जा सकता है। कहा कि सरकार ने गरीबों के लिए योजनाएं शुरू की हैं। इसे जन-जन तक पहुंचाना है। इसे लेकर कार्यकर्ता भी पूरी तरह से मुस्तैद दिख रहे हैं।

इनकी रही मौजूदगी
बैठक में संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, सह संगठन मंत्री रामविचार नेताम, मुख्यमंत्री रघुवर दास, प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, सांसद डॉ रवींद्र राय, सुनील सिंह, प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश, विधायक अनंत ओझा, उपाध्यक्ष आदित्य साहू, प्रवक्ता जेबी तुबिद, प्रतुल शाहदेव, संजय जयसवाल, दीनदयाल वर्णवाल, प्रवीण प्रभाकर, राजेश शुक्ला, अमित कुमार सिंह, शिवपूजन पाठक, उषा पांडेय, आरती सिंह और आशीष कुमार बोर्डर मौजूद थे।

जन-जन के बीच जायें पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता, योजनाओं की दें जानकारी : रघुवर 

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता संगठन हित में खुल कर कार्य करें, क्योंकि संगठन है, तभी कार्यकर्ता-नेताओं का अस्तित्व है। उन्होंने कहा कि भाजपा आज के समय में पूरे देश में सबसे मजबूत पार्टी है। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों को केंद्र और राज्य सरकार के द्वारा चलायी जा रही विकास योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। सीएम ने कहा कि राज्य में कई विरोधी दल भाजपा की छवि को धूमिल करने का काम कर रहे हैं। ऐसे तत्वों के मंसूबे को कभी भी सफल नहीं होने का संकल्प भाजपा के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं को लेना चाहिए।

केंद्र, राज्य सरकार बहा रही विकास की गंगा
केंद्र और राज्य की सरकार विकास की गंगा बहा रही है। गरीबों को ध्यान में रख कर योजनाएं बन रही हैं। विकास की गाड़ी दौड़ रही है। रघुवर सरकार के विकास अभियान को जन अभियान बनाना है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को जन-जन तक पहुंचना होगा। इसके लिए जरूरी है कि सरकार की योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचे। इसमें अहम कड़ी कार्यकर्ता ही हो सकते हैं।

विपक्ष के भ्रमजाल को तोड़ कर दम लेंगे
कार्यसमिति की बैठक के पहले दिन विपक्ष द्वारा फैलाये जा रहे भ्रमजाल पर भी चर्चा की गयी। कहा गया कि हर हाल में विपक्ष के भ्रमजाल को तोड़ेंगे। इसके लिए कार्यकर्ता पूरी मुस्तैदी के साथ जुट जायें। साथ ही यह भी संदेश देने की कोशिश की गयी कि पार्टी किसी दुर्भावना में आकर किसी राजनेता पर कार्रवाई का दबाव नहीं बनायेगी। सरकार के स्तर पर जो मामले आये हैं, उसे सरकार देखेगी।

धर्मांतरण निषेध बिल लाने पर दिया बल
विधायक अनंत ओझा ने बताया कि कार्यकर्ताओं की मंशा है कि इस संदर्भ में सरकार बिल लाये। रविवार को राजनीतिक प्रस्ताव में यह मसला आने पर विमर्श होगा। साथ ही शराबबंदी को लेकर पार्टी और सरकार जागरूक है। सरकार का मानना है कि जन आंदोलन का रूप देकर ही इसका सफाया हो सकता है। इसी का परिणाम है कि रघुवर सरकार ने नशामुक्त पंचायत को एक लाख रुपये देने की घोषणा की है।

लोकसभा चुनाव में विपक्ष का सफाया
कार्यसमिति की बैठक में मिशन-2019 को लेकर खासी चर्चा रही। लोकसभा चुनाव में विपक्ष के सफाये की बात कही गयी। वहीं विधानसभा में सीट 60 प्लस करने पर मंथन हुआ। कहा गया कि इस लक्ष्य को पाने के लिए बड़ी जिम्मेवारी कार्यकर्ताओं के कंधे पर है। जहां कमल नहीं खिला है, वहां अगली बार खास फोकस कर काम किये जाने की आवश्यकता बतायी गयी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version