रांची: भाजपा द्वारा हेमंत सोरेन पर चुनाव आयोग से संपत्ति का ब्योरा छिपाये जाने के आरोप को झामुमो ने सिरे से खारिज कर दिया है। झामुमो ने कहा है कि भाजपा झूठ एवं फरेब का प्रचार कर हेमंत सोरेन का चरित्र हनन कर रही है। चीजों को पढ़े और समझे बिना भाजपा के नेता भ्रम फैला रहे हैं। अगर भाजपा नहीं सुधरी, तो झामुमो उनके कई बड़े नेताओं को बेनकाब कर देगा। झामुमो के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य और विनोद पांडेय ने संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि झामुमो के पास भाजपा के डेढ़ दर्जन नेताओं की लिस्ट है, जिन्होंने आदिवासी जमीन हड़पी है। उन्होंने कहा कि झामुमो व्यक्तिगत चरित्र हनन की राजनीति नहीं करता, लेकिन जब भाजपा नहीं सुधरेगी, तब झामुमो उनके नेताओं के द्वारा सीएनटी-एसपीटी एक्ट का उल्लंघन कर खरीदी गयी आदिवासी जमीन पर प्रेस कांफ्रेंस कर उनका खुलासा करेगा।

हेमंत ने हलफनामे में दी है हरमू के प्लॉट की जानकारी
झामुमो नेताओं ने कहा कि हेमंत सोरेन ने अपनी जमीन से संबंधित कोई भी जानकारी चुनाव आयोग और आयकर विभाग से नहीं छिपायी है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि हेमंत ने लालपुर के इडेन गर्ल्स हॉस्टल को अपनी पत्नी कल्पना मुर्मू के नाम खरीदा है, जो पूरी तरह से तथ्यहीन है। वहीं, हरमू स्थित प्लॉट नंबर 1975 के बारे में चुनाव आयोग को जानकारी नहीं दिये जाने का भी आरोप झूठा है। झामुमो ने डॉक्यूमेंट पेश करते हुए कहा है कि इस संपत्ति की जानकारी शपथ पत्र के पेज नंबर 8 पर ही अंकित है। सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि भाजपा ने आरोप लगाया है कि हेमंत सोरेन की संपत्ति को अंडर वैल्यू कर के दिखाया है। आरोप लगाने वाले नेताओं को यह जान लेना चाहिए कि किसी भी संपत्ति की कीमत उसके स्टांप वैल्यू पर निर्भर करती है और इसकी सभी जानकारी आयकर विभाग को प्रतिवर्ष दी जाती है।

झामुमो यह बताये हेमंत के पास कहां से आयी इतनी संपत्ति: भाजपा
रांची। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रो आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा ने तथ्यों के आधार पर ही हेमंत सोरेन पर आरोप लगाया है। झामुमो तो अभी से बौखला गया है, जबकि अभी कई खुलासे और होने हैं। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन को पहले राज्य की जनता को यह बताना चाहिए की उनके पास इतनी संपत्ति आखिर कहां से आयी। उन्होंने प्लाट तो दर्शाया है, लेकिन उसका रकबा छिपाया है। आदित्य साहू ने कहा कि झामुमो की धमकियों से भाजपा डरनेवाली नहीं है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version