चारा घोटाला, जमीन विवाद और बेनामी संपत्ति के बाद अब लालू यादव रेलवे के होटल आवंटन मामले को लेकर विवादों में फंस गए हैं। शुक्रवार सुबह से ही लालू यादव के 12 अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी हो रही है। रांची, दिल्ली, पटना, पुरी और गुरुग्राम में उनके होटल और ठिकानों पर छापेमारी हो रही है। सुबह 8 बजे से ये छापेमारी शुरू हुई है। लालू यादव की पत्नी राबड़ी देवी के घर पर भी छापेमारी हुई है। इस मामले में उनकी पत्नी, बेटी और बेटे के खिलाफ केस दर्ज हो गया है।
1- 2006 के दौरान लालू प्रसाद यादव यूपीए सरकार में रेलमंत्री थे। आरोप है कि तब उन्होंने रेलवे के होटल टेंडर निजी कंपनी को दिए थे। रेल मंत्री के तौर पर निजी कंपनी को फायदा पहुंचाया था। सीबीआई ने देशभर में लालू यादव के 12 ठिकानों पर छापे मारे हैं। इनमें दिल्ली, पटना, रांची और पुरी शामिल हैं।
2- रांची के बीएनआर होटल के ऐतिहासिक ढांचे को गिराकर आधुनिक होटल में तब्दील कर दिया गया है। पुरी में बीएनआर होटल बहुत बड़े इलाके में फैला हुआ है। इस होटल का निर्माण अंग्रेजों के शासनकाल में किया गया था। तब इस होटल के कमरे में अंग्रेज भी रहा करते थे। विनय कोचर और विजय कोचर इसमें डायरेक्टर हैं।
3- सीबीआई की छापेमारी साल 2006 में रांची और पुरी में रेल मंत्रालय द्वारा होटल निर्माण के टेंडर आवंटन मामले में गड़बड़ी करने का आरोप है।ये टेंडर निजी सुजाता होटल्स को दिए गए थे। बीएनआर होटल रेलवे के हैरिटेज होटल हैं, जिन्हें उसी साल (2006 में) IRCTC ने अपने नियंत्रण में ले लिया था।
4- सीबीआई ने आईआरसीटीसी के तत्कालीन प्रबंध निदेशक,एक व्यक्ति, एक निजी मार्केटिंग कंपनी के दो निदेशक और एक अन्य कंपनी के दो निदेशक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सीबीआई ने लालू प्रसाद यादव, उनकी पत्नी राबड़ी यादव, बेटे समेत कई अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। लालू, राबड़ी, तेजस्वी, सरला गुप्ता नामजद आरोपी हैं। सरला गुप्ता लालू के करीबी राज्यसभा सांसद प्रेमचंद गुप्ता की पत्नी हैं।
5- लालू यादव के विश्वासपात्र प्रेमचंद गुप्ता की पत्नी सुजाता और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। बता दें कि गुप्ता कॉर्पोरेट मामलों के पूर्व केंद्रीय मंत्री हैं।