राजनाथ सिंह ने कहा, ‘राज्य सरकारों को रोहिंग्या मुद्दे पर अडवाइजरी जारी की गई है’
गृहमंत्री ने कहा कि रोहिंग्याओं को भेजने के लिए म्यांमार सरकार से विदेश मंत्रालय बात करेगा
किरन रिजिजू ने कहा कि आंतरिक सुरक्षा के लिए रोहिंग्या खतरा हैं और उन्हें वापस भेजा ही जाएगा
नई दिल्ली।’संसद में रोहिंग्या शरणार्थियों का मुद्दा एक बार फिर उठा और मंगलवार को गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने इस पर बयान दिया। राजनाथ सिंह ने सदन में बयान जारी कर रोहिंग्या शरणार्थियों को लेकर कहा कि राज्य सरकारों को उनकी गिनती करनी होगी। उन्होंने यह भी कहा कि राज्यों को रोहिंग्याओं के लिए अडवाइजरी जारी की गई है। टीएमसी सांसद सौगत रॉय ने आरोप लगाया कि सरकार बांग्लादेश में रह रहे रोहिंग्याओं के लिए ऑपरेशन इंसानियत चला रही है, भारत में रहनेवालों के लिए नहीं।
विपक्षी पार्टियों के सरकार के भेदभाव के आरोप पर राजनाथ सिंह ने कहा, ‘राज्य सरकारों से आग्रह किया है कि वे राज्य में रोहिंग्याओं की संख्या आदि के बारे में गृह मंत्रालय को सूचना दें। इसी के आधार पर जानकारी विदेश मंत्रालय को दी जाएगी और विदेश मंत्रालय म्यांमार के साथ इनको डिपोर्ट करने पर बातचीत करेगा।’
राजनाथ सिंह ने यह भी कहा कि राज्य सरकारों के लिए अडवाइजरी जारी की गई है। उन्होंने कहा, ‘ रोहिंग्याओं की पहचान आवश्यक है और बॉयोमीट्रिक जांच के जरिए रोहिंग्याओं की पहचान की जा सकती है।’ गृह राज्य मंत्री किरन रिजिजू ने कहा कि रोहिंग्या भारत की आंतरिक सुरक्षा के लिए चुनौती हैं।