रांची। झारखंड सरकार श्रावणी मेले में आये देवतुल्य श्रद्धालुओं को अच्छी से अच्छी व्यवस्था देने के लिए प्रत्यनशील है। राज्य सरकार और जिला प्रशासन इस दिशा में लगातार प्रयत्नशील है। दर्शन, ठहरने की व्यवस्था के साथ-साथ सुरक्षा, स्वास्थ्य, निर्बाध बिजली, आवागमन आदि की भी पूर्ण व्यवस्था की गयी है। उक्त बातें मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहीं। वे झारखंड मंत्रालय में बाबा बैद्यनाथधाम आये श्रद्धालुओं से आॅनलाइन बातचीत कर उनके अनुभव साझा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देवघर वास्तव में देवभूमि है। यहां भगवान शंकर के परम भक्त रावण द्वारा स्थापित शिवलिंग है। साथ ही देवी सती का हृदय यहीं गिरा था, इसलिए यह शक्ति पीठ भी है। भोलेनाथ मनोकामना ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए आये सभी श्रद्धालुओं की मनोकामना पूर्ण करें। इस दौरान सीएम ने भक्तों संग बोल बम का जयकारा भी लगाया। व्यवस्था देखकर बाबा भोले के भक्त काफी प्रभावित दिखे। कहा, इस बार देवघर में चमत्कारिक व्यवस्था दिख रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे भी सात बार कांवर लेकर बाबाधाम गये थे। उन्हें श्रद्धालुओं की कठिनाई का अहसास है। ईश्वर ने जब मौका दिया है, तो सुधार का काम कर रहे हैं। श्रद्धालु जिला प्रशासन द्वारा बनाये गये शिकायत निवारण केंद्रों में शिकायत कर सकते हैं। ट्वीटर /फेसबुक के माध्यम से मुख्यमंत्री को सीधे शिकायत कर सकते हैं। समस्याओं का त्वरित निदान हो रहा है। भक्तों के सुझावों से मेले की व्यवस्था को बेहतर किया जा रहा है।

इनकी रही उपस्थिति :

वीडियो कांफ्रेसिंग के दौरान झारखंड मंत्रालय में मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ सुनील वर्णवाल, कला-संस्कृति विभाग के सचिव मनीष रंजन, देवघर में उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा समेत अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

व्यवस्था शानदार, अब मां को भी लेकर आऊंगा

बातचीत के क्रम में जनकपुर नेपाल से आये भरत कुमार शाह ने कहा कि भारत में देवघर आने के क्रम में अपने साथियों के साथ संचार में परेशानी आती है। सरकार ऐसी व्यवस्था करे कि एक सप्ताह के लिए सिम कार्ड मिल जाये, ताकी आगे-पीछे हुए साथियों से बात कर सकें। इस पर मुख्यमंत्री ने प्रधान सचिव सुनील कुमार वर्णवाल को रास्ता निकालने का निर्देश दिया। भरत कुमार ने कहा कि पहले उनकी मां भी यहां आती थीं, लेकिन अच्छी व्यवस्था नहीं होने के कारण वह नहीं आती हैं। अब व्यवस्था शानदार है। इस पर मुख्यमंत्री ने अगली बार से मां को लाने का आग्रह किया।

स्वच्छता और व्यवस्था के लिए थैंक्स

उत्तर प्रदेश के मऊ से आये सिंटू सिंह ने कहा कि वे हर साल यहां आते हैं, लेकिन पिछले दो-तीन साल से व्यवस्था में काफी सुधार हुआ है। इस बार तो सबसे अच्छी व्यवस्था है। उन्होंने स्वच्छता और व्यवस्था के लिए प्रशासन और सरकार को धन्यवाद दिया। इस पर मुख्यमंत्री ने कांवरियां बंधुओं से भी साफ-सफाई कायम रखने में सहयोग की अपील की। कांवरियों ने भी देवघर में बेहतर व्यवस्था की खूब तारीफ की।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version