पेइचिंग : हिंद महासागर में अपना दबदबा बढ़ाने की जुगत में लगे चीन ने श्रीलंका को एक युद्धपोत गिफ्ट कर उसे लुभाने की कोशिश की है। पिछले कुछ वर्षों से चीन सामरिक रूप से महत्वपूर्ण इस द्वीपीय देश के साथ सैन्य संबंधों को मजबूत कर रहा है। चीन द्वारा गिफ्ट किया गया युद्धपोत ‘P625’ पिछले हफ्ते कोलंबो पहुंच गया। यही नहीं, रेल के डिब्बे और इंजन बनाने वाली चीन की कंपनी ने घोषणा की है कि वह जल्द ही श्रीलंका को नए तरह की 9 डीजल ट्रेनों की डिलिवरी करेगी।

2300 टन का युद्धपोत 2015 में चीनी सेना से रिटायर
आपको बता दें कि 052 टाइप के इस युद्धपोत (तोंगलिंग) को चीन की पीपल्स लिबरेशन आर्मी की नेवी में 1994 में शामिल किया गया था। 2300 टन के इस युद्धपोत को 2015 में PLA नेवी से रिटायर कर दिया गया। अब इसे ही श्रीलंका नेवी को गिफ्ट किया गया है।

पिछले साल ही भारत ने गिफ्ट किया था जहाज
श्रीलंका की नौसेना ने लिट्टे के खिलाफ संघर्ष में अहम भूमिका निभाई थी। उसके पास करीब 50 लड़ाकू, सपॉर्ट शिप और तटीय इलाकों की निगरानी के लिए गश्ती प्लेन हैं जो मुख्य रूप से भारत, अमेरिका, चीन और इजरायल से मिले हैं। भारत ने पिछले साल ही अपने इस अहम पड़ोसी की नौसेना को एक गश्ती जहाज गिफ्ट में दिया था। इससे पहले भी भारत ने 2006 और 2008 में 2 गश्ती पोत दिए थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version