रांची। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ रामेश्वर उरांव के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि कांग्रेस पार्टी को अपने विधायकों पर भरोसा नहीं है, इसलिए पार्टी भाजपा पर अनाप-शनाप आरोप लगा रही है। श्री प्रकाश ने कांग्रेस पार्टी को सलाह देते हुए कहा कि पार्टी अपना घर संभाले। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। कोरोना संकट में लोग भयभीत हैं। राज्य की विधि-व्यवस्था चौपट है। उग्रवादी घटनाएं आम होती जा रही हैं। राज्य के नौजवान, किसान और मजदूर हेमंत सरकार से निराश हो चुके हैं। ऐसे में अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए सत्तापक्ष के लोग ऐसी बयानबाजी कर रहे हैं। चर्चा में बने रहने के लिए ऐसे बयान दिये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के मंत्रियों को जनता से ज्यादा अपनी समस्याओं की चिंता सता रही है।
कांग्रेस का आरोप निराधार : कुणाल
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी ने कहा है कि अपने घर को ठीक न रख पाना और आरोप भाजपा पर मढ़ देना कांग्रेस की प्रवृत्ति बन गयी है। कांग्रेस के वरीय मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव ने जो आरोप लगाये हैं, वे निराधार हैं। भाजपा इसकी निंदा करती है। पार्टी सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाती रहेगी। प्रदेश कांग्रेस अपना घर संभाले।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version