रांची। आत्मनिर्भर भारत अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक सशक्त संकल्प ही नहीं बल्कि आधुनिक भारत की पहचान है। यह अंत्योदय से सर्वोदय का अभियान है जिसमें गांव, गरीब, किसान की मजबूती के साथ मजबूत समर्थ और स्वाभिमानी भारत बनाने का संकल्प है। शुक्रवार को आॅनलाइन प्रेसवार्ता में ये बातें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहीं। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार अपने अधिकारों की बात तो खूब करती है पर अपने दायित्वों के निर्वहन में पीछे हट जाती है। इससे राज्य का नुकसान हो रहा है। योजनाएं धरातल पर नहीं उतर रही हैं और गरीबों की योजनाओं की बंदरबांट हो रही है। हेमंत सरकार आत्मनिर्भर झारखंड के प्रति उदासीन है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान वोकल फॉर लोकल एंड मेक इट ग्लोबल अभियान है। यह देश के स्थानीय उद्यमियों और व्यवसायियों को सशक्त बनायेगा। इसलिए प्रदेश भाजपा हेमंत सरकार से आत्मनिर्भर भारत अभियान में आत्मनिर्भर झारखंड बनाने की दिशा में सार्थक और प्रभावी पहल करने की मांग करती है।
श्री प्रकाश ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान 130 करोड़ देशवासियों का अभियान बन रहा है। मोदी सरकार ने आत्मनिर्भर भारत अभियान को आगे बढ़ाने के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाये हैं। एमएसएमई के लिए तीन लाख करोड़ के कोलेटरल फ्री लोन की घोषणा की गयी है। इसमें एक जुलाई तक 1.10 लाख करोड़ से अधिक के लोन स्वीकृत किये जा चुके हैं। एमएसएमई को अपना कारोबार बढ़ाने में मदद मिले इसके लिए मोदी सरकार ने 200 करोड़ तक की खरीद में ग्लोबल टेंडर की प्रक्रिया को समाप्त कर दिया है। मोदी सरकार ने उद्योगों और श्रमिकों के लिए इपीएफ सपोर्ट दिया है। 1.70 लाख करोड़ की प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना से आठ करोड़ 70 लाख किसानों के बीच किसान सम्मान निधि का वितरण हुआ। 20 करोड़ महिला जन-धन खाते में राशि भेजी गयी। आठ करोड़ 19 लाख लोगों को उज्जवला गैस योजना का लाभ दिया गया। प्रधानमंत्री संपदा योजना को सरकार ने मंजूरी दी। एक सवाल के जवाब में श्री प्रकाश ने कहा कि राज्य में बढ़ता कोरोना संकट चिंता की बात है और राज्य सरकार को सभी विपक्षी दलों और स्वयंसेवी संस्थाओं से बात कर आवश्यक कदम उठाने की दिशा में पहल करनी चाहिए।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version