वॉशिंगटन/पेइचिंग: दक्षिण चीन सागर को लेकर अमेरिका और चीन के बीच जुबानी जंग तेज होती जा रही है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने दक्षिण चीन सागर पर चीन के लगभग सभी महत्‍वपूर्ण दावों को खारिज करने के बाद अब प्रतिबंधों की चेतावनी दी है। उधर, चीन ने भी अमेरिका पर पलटवार किया है और कहा कि वॉशिंगटन दक्षिण चीन सागर में ‘उपद्रवी’ की भूमिका न‍िभा रहा है।
अमेरिकी विदेश मंत्री के दक्षिण चीन सागर में चीन पर ‘साम्राज्‍य’ खड़ा करने के आरोप लगाने के बाद अमेरिका के पूर्वी एशियाई मामलों के शीर्ष राजनयिक ने चेतावनी दी है। ईस्‍ट एशिया के अमेरिका के सहायक विदेश मंत्री डेविड स्टिलवेल ने कहा कि अमेरिका ऐसे चीनी अधिकारियों और उद्योगों पर प्रतिबंध लगा सकता है जो दक्षिण चीन सागर में दादागीरी द‍िखा रहे हैं। उन्‍होंने कहा कि चीन इसी तरह की भाषा को समझता है।

उधर, चीन ने अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोम्पियो पर पलटवार किया है। चीन ने कहा कि केवल अमेरिका इस इलाके में शांति को खत्‍म कर रहा है। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्‍ता ने कहा, ‘अमेरिका इस क्षेत्र में एकमात्र उपद्रवी और शांति तथा स्थिरता में बाधा डालने वाला है। अंतरराष्‍ट्रीय समुदाय इसे स्‍पष्‍ट रूप से देख रहा है।’ लिजिन झाओ ने कहा कि चीन ने कभी भी दक्षिण चीन सागर में ‘साम्राज्‍य’ बनाने का प्रयास नहीं किया। उन्‍होंने दावा किया कि चीन के दावे के पीछे ऐतिहासिक साक्ष्‍य और कानूनी आधार हैं।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version