आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। देश में सियासी सरगर्मियां एक बार फिर तेज हो गई हैं। चुनाव आयोग ने शुक्रवार को 10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रमों का एलान कर दिया है। इन सभी सीटों पर आगामी 18 जून को मतदान होगा। इस घोषणा के साथ ही संबंधित राज्यों में जोड़-तोड़ और राजनीतिक बिसात बिछनी शुरू हो गई है।
झारखंड की दो सीटों पर टिकी नजरें
झारखंड की दो राज्यसभा सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर सूबे का सियासी पारा चढ़ गया है। वर्तमान में स्थिति इस प्रकार है:
पहली सीट का वर्तमान में भाजपा के दीपक प्रकाश प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, जिनका कार्यकाल 21 जून को समाप्त हो रहा है।
दूसरी सीट पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत शिबू सोरेन के पास थी। पिछले साल सितंबर में उनके निधन के बाद से ही यह सीट खाली चल रही है।
राज्य के मौजूदा सियासी और संख्या बल के समीकरणों को देखते हुए एनडीए और सत्तारूढ़ महागठबंधन दोनों ही अपनी-अपनी सीटें बचाने और इस पर जीत सुनिश्चित करने के लिए रणनीति बनाने में जुट गए हैं।
आइये जानते है चुनाव का पूरा शेड्यूल
चुनाव आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, राज्यसभा चुनाव की पूरी प्रक्रिया इस प्रकार रहेगी:
1 जून को चुनाव की आधिकारिक अधिसूचना जारी होगी।
8 जून नामांकन पत्र दाखिल करने की आखिरी तारीख होगी।
9 जून को उम्मीदवारों के नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी।
11 जून नाम वापस लेने की अंतिम तिथि होगी।
18 जून सुबह 9:00 से शाम 4:00 बजे ते सभी सीटों के लिए मतदान होगा।
18 जून शाम 5:00 बजे से मतों की गिनती शुरू होगी और देर शाम तक नतीजे आ जाएंगे।
इस एलान के साथ ही झारखंड के दोनों प्रमुख खेमों में संभावित उम्मीदवारों के नामों को लेकर मंथन का दौर शुरू हो चुका है। चूंकि दोनों ही सीटें प्रतिष्ठा से जुड़ी हैं, इसलिए आने वाले दिनों में झारखंड की राजनीति में बड़े उलटफेर और दिलचस्प समीकरण देखने को मिल सकते हैं।



