आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। झारखंड प्रदेश के खिलाड़ियों ने पूरे विश्व में अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। राज्य के होनहार खिलाड़ियों के मेडल जीतने पर खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान किया गया है। राज्य के खिलाड़ियों को कोई दिक्कत न हो, इस निमित्त सरकार पैनी नजर रख रही है। यहां के खिलाड़ियों की रफ्तार को गति देने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। मुख्यमंत्री शनिवार को कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय से तीरंदाज खिलाड़ी दीपिका कुमारी, कोमालिका बारी, अंकिता भगत, कोच पूर्णिमा महतो और हॉकी खिलाड़ी निक्की प्रधान-सलीमा टेटे को वर्चुअल माध्यम से संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को दो करोड़, सिल्वर मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को एक करोड़ और ब्रांज मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को 75 लाख रुपये इनाम राशि दिये जाने की घोषणा की। कहा कि तीरंदाज खिलाड़ी दीपिका कुमारी को 50 लाख, कोमालिका बारी और अंकिता भगत को 20-20 लाख रुपये ईनाम राशि दी जायेगी। कोच पूर्णिमा महतो को 12 लाख दिया जायेगा।
मुख्यमंत्री ने की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के खिलाड़ियों को ओलंपिक प्रतिभागी बनने पर ही पांच लाख की प्रोत्साहन राशि सरकार द्वारा दी जा रही है। आगामी 23 जुलाई से टोक्यो में प्रारंभ हो रहे ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व करने के लिए झारखंड से चुनी गयीं हॉकी खिलाड़ी निक्की प्रधान और सलीमा टेटे को भी पांच-पांच लाख रुपये प्रोत्साहन राशि दी जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश से बाहर खेलने वाले सभी खिलाड़ियों और कोच का 15 लाख रुपये का बीमा कराया जायेगा, जिसका प्रीमियम सरकार भरेगी।
हेमंत सोरेन ने दीपिका कुमारी और अतनु दास को शुभकामनाएं दी
मुख्यमंत्री ने दीपिका कुमारी और अतनु दास को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तीरंदाजी विश्वकप में गोल्ड मेडल जीतना देश के लिए गौरव की बात है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपिका कुमारी, अंकिता भगत और कोमोलिका बारी ने झारखंड के साथ देश का नाम रोशन किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा तैयार नयी खेल नीति राज्य के खिलाड़ियों को और आगे ले जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि राज्य के खिलाड़ी अन्य विकसित देशों के अनुरूप अपनी तैयारी कर सकें। इस निमित्त इन्हें आधुनिक संसाधनों से लैस किया जाये। कहा कि राज्य सरकार का वादा है कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का मनोबल कभी नही टूटने दिया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के बाहर खेलने में कोई समस्या हो, तो बेझिझक खेल सचिव के साथ समन्वय स्थापित करें।
सीमित संसाधनों के बीच आपने मुकाम हासिल किया
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड के खिलाड़ी सीमित संसाधनों के बीच कड़ी मेहरनत के बल पर इस मुकाम तक पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरा विश्वास है कि आगे भी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
पंचायत स्तर पर बनेगा खेल का मैदान
मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में सभी जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर पर खेल के मैदान बनाये जायें, इस दिशा में राज्य सरकार कार्य कर रही है। हॉकी खेलने वाले क्षेत्रों के खिलाड़ियों के लिए एस्ट्रोटर्फ बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 15 सालों के बाद पहली बार राज्य में खेल पदाधिकारियों की नियुक्ति की गयी है।