मुंबई। मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह सहित 8 पुलिसकर्मियों के विरुद्ध गुरुवार को मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन में रंगदारी वसूली का मामला दर्ज किया गया है। इससे पहले बिल्डर को लाभ पहुंचाने का मामला परमबीर सिंह पर दर्ज किया गया था। आज दर्ज मामले से परमबीर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं।

पुलिस के अनुसार ठाणे जिले के पेशे से बिल्डर फिर्यादी श्यामसुंदर अग्रवाल ने आज मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन में पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह, पुलिस उपायुक्त अकबर पठाण, श्रीकांत शिंदे, पुलिस निरीक्षक आशा कोरके, नंदकुमार गोपाले, संजय पाटिल, सुनील जैन और संजय पुनमिया पर मामला वापस लेने के लिए रंगदारी वसूलने का मामला दर्ज करवाया है। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

ठाणे जिले में बतौर पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह ने रंगदारी वसूली कर कई बिल्डरों को बचाने का प्रयास किया था। इतना ही नहीं उस समय रंगदारी का विरोध करने वाले पुलिसकर्मियों पर भी परमबीर सिंह ने मामला दर्ज करवाया था। इसलिए परमबीर सिंह की इस तरह की कार्रवाई से नाराज एक पुलिस अधिकारी ने परमबीर सिंह पर मामला दर्ज करवाया है। इस मामले को रद्द करने के लिए परमबीर सिंह ने उच्च न्यायालय में याचिका दायर की है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version