17 को पांच किलोमीटर की साइकिल यात्रा
19 हस्ताक्षर अभियान, 28 को रांची में विरोध मार्च
रांची। पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस की कीमतों में लगातार हो रही मूल्य वृद्धि के खिलाफ आंदोलनात्मक कार्यक्रम की रूपरेखा कांग्रेस ने तय की है। इसके तहत 17 जुलाई को सभी जिला मुख्यालय में पांच किलोमीटर की साइकिल यात्रा निकाली जायेगी। साथ ही बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ आंदोलन किया जायेगा। इसका नेतृत्व अध्यक्ष डॉ रामेश्वर उरांव और विधायक दल नेता आलमगीर आलम करेंगे।
कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दुबे ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार 19 जुलाई को राज्य भर के सभी पेट्रोल पंपों पर हस्ताक्षर अभियान चलाया जायेगा। 28 जुलाई को रांची में प्रदेश स्तरीय विरोध मार्च निकाला जायेगा।
बेतहाशा बढ़ रही है महंगाई: डॉ रामेश्वर
प्रदेश अध्यक्ष डॉ रामेश्वर उरांव ने कहा कि महंगाई बेतहाशा बढ़ती जा रही है। लोगों की आमदनी घटती जा रही है। पिछले दो वर्षो के अंदर 20 की चीज 45 में बिक रही है। पेट्रोल और डीजल की कीमतें सामान हो गयी है। खाने-पीने की वस्तुओं से लेकर हर चीजें महंगी होती जा रही हैं। लोग तकलीफ में है और इसलिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी 10 दिनों तक आंदोलन के माध्यम से महंगाई कम करने को लेकर केंद्र सरकार पर दबाव डालेगी। कहा की जनसंख्या को लेकर हर 10 साल पर केंद्र सरकार सेंसेस कराती है। देश के अंदर जनसंख्या को लेकर केंद्र सरकार फैसला करती है, परंतु अर्थशास्त्र के विद्यार्थी होने के नाते यह मानना है कि जनसंख्या पर नियंत्रण होना चाहिए, लेकिन भाजपा महंगाई जैसे मुख्य मुद्दे से देश को भटकाने की बात करती रही है।
दस दिनों तक चलेगा आंदोलन: आलमगीर
कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने कहा कि महंगाई को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा 10 दिनों का निर्धारित आंदोलनात्मक कार्यक्रम में सभी विधायक और मंत्री भी शामिल होंगे। जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर तक महंगाई के मुद्दे को जन-जन तक ले जायेंगे। सभी विधायकों के साथ हर एक-दो दिन पर बात होती रहती है। सभी विधायक सरकार के साथ हैं और समय आने पर विधायक दल की बैठक का भी निर्णय लेंगे। इनकी रही मौजूदगी
कार्यकारी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, राजेश ठाकुर, संजय लाल पासवान, मानस सिन्हा, रमा खलखो, लाल किशोर नाथ शाहदेव, डॉ राजेश गुप्ता छोटू, अशोक चौधरी, भीम कुमार, डॉ तौसीफ, अमूल्य नीरज खलखो, शहजादा अनवर, सुल्तान अहमद, राजीव रंजन प्रसाद, गुंजन सिंह, मदन मोहन शर्मा, प्रदीप तुलस्यान, रवींद्र सिंह, केदार पासवान, सतीश पाल मुंजनी, सलीम खान, जय शंकर पाठक समेत अन्य उपस्थित थे