पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि के खिलाफ आंदोलनात्मक कार्यक्रम की रूपरेखा कांग्रेस ने तय की है। इसके लिए 12 जुलाई को कांग्रेस भवन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सह मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव की अध्यक्षता में पार्टी पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं की बैठक होगी। इसके अलावा 20 सूत्री और निगरानी समिति के गठन में पार्टी कार्यकर्ताओं की भागीदारी के मसले और आउटरीच सर्वे अभियान को लेकर जिलाध्यक्षों से विचार-विमर्श के लिए 14 जुलाई को बैठक बुलायी गयी है। यह बैठक डॉ रामेश्वर उरांव के आवास पर होगी।
बताया गया कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस ने देशव्यापी आंदोलन चलाने का निर्णय लिया है। इस सिलसिले में झारखंड में भी 10 दिवसीय अभियान की तैयारी को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने 12 जुलाई को रांची में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं की बैठक बुलायी गयी है। इस बैठक में मूल्य वृद्धि के खिलाफ पद यात्रा, साइकिल यात्रा, हस्ताक्षर और स्लोगन अभियान समेत अन्य कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की जायेगी।