नई दिल्ली। आज होने वाले मंत्रिमंडल में बदलाव से पहले कई मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया है। इस क्रम में आज आसनसोल से सांसद बाबुल सुप्रियो, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन, श्रम मंत्री संतोष गंगवार, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय से देबोश्री चौधरी, केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक समेत अनेक मंत्रियों ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दिया है। इसमें महाराष्ट्र कोटे से मंत्री राव साहब दानवे और संजय दोत्रे का भी नाम शामिल है। इससे पहले केंद्रीय मंत्री डीवी सदानंद गौड़ा ने भी मोदी मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया। मोदी सरकार में उर्वरक और रसायन मंत्री गौड़ा कर्नाटक से सांसद हैं। वह कर्नाटक के मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं। वहीं कर्नाटक के लिए नियुक्त किए गए राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने राज्यसभा की सदस्यता से अपना इस्तीफा राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू को सौंप दिया जिसे स्वीकार कर लिया गया है।