अगरतला | त्रिपुरा पुलिस ने चुनावी रणनीतिकार के रूप में प्रसिद्ध प्रशांत किशोर की संस्था आई-पैक के कम से कम 22 सदस्यों को हिरासत में लिया है। वे त्रिपुरा के विभिन्न हिस्सों से समाचार इकट्ठा करने के लिए अगरतला के एक प्रसिद्ध होटल में ठहरे थे। पूर्वी अगरतला पुलिस स्टेशन के ओसी सरोज भट्टाचार्य ने कहा पुलिस को आई-पैक के सदस्यों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लिया है।
पुलिस ने रविवार रात उन्हें हिरासत में लिया। पुलिस को सबूत मिले हैं कि उनके अवैध सर्वे एजेंसियों से संबंध हैं। इसलिए पुलिस ने उनकी किसी भी गतिविधि पर रोक लगा दी है। पूर्वी अगरतला पुलिस स्टेशन के ओसी ने कहा कि आई-पैक के 22 सदस्यों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि पुलिस ने नियमित तलाशी अभियान चलाने के समय उन्हें हिरासत में लिया था। इस बीच आई-पैक सदस्यों से पुलिस पूछताछ की खबर तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी तक पहुंच चुकी है। तृणमूल के अखिल भारतीय महासचिव अभिषेक बनर्जी और आई-पैक प्रमुख प्रशांत किशोर को भी इसकी जानकारी हुई है। त्रिपुरा पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आई-पैक के करीब 50 सदस्य राज्य भर में सर्वे कर रहे हैं। आई-पैक के सदस्य राज्य के अलग-अलग हिस्सों में लोगों से मिलकर उनकी राय लेने का काम कर रहे हैं।