रांची। भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने शनिवार को विधिवत पदभार ग्रहण किया। निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने उन्हे पदभार ग्रहण कराया। पदभार ग्रहण करने से पहले प्रदेश कार्यालय में हवन का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य यजमान के रूप में बाबूलाल मरांडी ने विधिवत पूजा अर्चना और हवन किया। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ लक्ष्मीकांत वाजपेई, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह उपस्थित थे। पदभार ग्रहण के बाद बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पार्टी अपने संघर्ष और बलिदान के बदौलत इस मुकाम पर पहुंची है। पार्टी के प्रदेश प्रभारी लक्ष्मीकांत बाजपेई निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित पार्टी के तमाम नेताओं कार्यकर्ताओं के सहयोग से पार्टी और संगठन का विस्तार करूंगा। उन्होने कहा केंद्रीय नेतृत्व के प्रति आभार जताता हूं, जिन्होंने मुझे यह जिम्मेवारी दी है, मैं उस पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा।