पटना। परिवहन मंत्री शीला मंडल ने कहा कि बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव से इस्तीफा मांगने से पहले भाजपा वालों को अपने अंदर भी झांक लेना चाहिए। ऐसा नहीं है कि उनकी पार्टी में तमाम नेता दूध से धुले हुए हैं। भाजपा को अपने हालातों पर आत्म चिंतन करने की अधिक आवश्यकता है।
वह गुरुवार को जदयू प्रदेश कार्यालय में जनसुनवाई कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बात कर रहीं थी। शिक्षा विभाग में जारी खींचतान के विषय में मीडिया के पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार के तमाम अधिकारी कानून के दायरे में रहकर ही काम करते हैं। बिहार में कोई अफसरशाही नहीं है, यह एक मनगढ़ंत और आधारहीन आरोप है। बिहार में पूरी तरह से कानून का राज कायम है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन पूरी तरह से एकजुट है और प्रदेश के हित में मिलकर काम कर रही है। भाजपा के लोग बेवजह भ्रामक प्रचार कर रहे हैं, उनकी बातों को अधिक तवज्जों नहीं दिया जाना चाहिए।