-मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष के साथ टोली सदस्यों की बैठक में आगामी कार्यक्रमों पर हुई चर्चा
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के साथ जनप्रतिनिधि अपने-अपने आपदा प्रभावितों क्षेत्र में मदद के लिए जाएंगे। मंगलवार की देर शाम बलबीर रोड स्थित प्रदेश मुख्यालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की मौजूदगी में प्रदेश महामंत्री समेत प्रदेश टोली की बैठक में यह निर्णय लिया गया। इस दौरान संगठन के आगामी महत्वपूर्ण कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक समाप्ति के बाद प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने पत्रकारों से बताया कि प्रदेश में आई आपदा के मद्देनजर पार्टी के सभी जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से इस संकट के समय अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावितों की मदद करने का निर्णय लिया गया है। संगठन की ओर से सभी कार्यकर्ताओं को शासन-प्रशासन के आपदाग्रस्त क्षेत्रों सहयोग पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को, आने वाले निकाय, लोकसभा और अन्य चुनावों को देखते हुए अधिक प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने की बात कही।

प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री धामी ने टोली के सदस्यों के सम्मुख संगठन के माध्यम से सरकार के जनकल्याणकारी कामों और योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने की बात कही। उन्होंने कहा कि हमारे इन सांगठनिक कार्यक्रमों का लक्ष्य होना चाहिए आम जनता को योजनाओं का अधिक से अधिक लाभार्थी बनाना।

इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री अजेय कुमार ने महाजनसंपर्क अभियान की जानकारी दी। इसके साथ ही आने वाले दिनों में सभी त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों के साथ संवांद कार्यक्रम को लेकर रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों का चुनाव की दृष्टि से अधिक से अधिक उपयोग हो, इसे देखते हुए आगे के कार्यक्रम तैयार किए जाने है।

प्रदेश टोली बैठक में प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, खिलेंद्र चौधरी,राजेंद्र बिष्ट, प्रदेश उपाध्यक्ष कुलदीप कुमार शामिल हुए।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version