कांकेर। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया कि वह राज्य में लगातार हो रहे धर्मांतरण के खिलाफ कोई एक्शन नहीं ले रही है। उन्होंने कहा कि धर्मांतरण के खिलाफ लड़ाई में केंद्र सरकार राज्य को हर संभव सहायता देने को तैयार है।
राजनाथ सिंह ने छत्तीसगढ़ के कांकेर में एक जनसभा में कहा कि आदिवासियों के लिए अलग से मंत्रालय बनाने का काम अटल सरकार ने किया था। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर कई घोटाले का आरोप लगाते हुए कहा कि कोयला घोटाला, गौठान घोटाला से लेकर शराब घोटाला तक हुआ है। इस सरकार ने शराबबंदी का वादा करके होम डिलीवरी शुरू कर दी।
रक्षामंत्री सिंह ने कहा कि डॉ. रमन सिंह के 15 साल के कार्यकाल में छत्तीसगढ़ की तस्वीर बदली है। रमन सिंह ने नया बस्तर बनाया, नवा रायपुर बनाया, पूरे छत्तीसगढ़ को नया बनाने और सजाने का काम किया, लेकिन आपने नई सरकार का स्वाद चखने के लिए सरकार बदली, मगर कांग्रेस सरकार का स्वाद कैसा है, ये आप लोगों को खुद ही पता चल गया है। कांग्रेस के कुछ लुभावने वादों में चक्कर में यहां की जनता ने कांग्रेस की सरकार बनाई, लेकिन कांग्रेस सरकार का अनुभव आपको स्वयं को है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ तेजी से आगे बढ़ रहा था, लेकिन भूपेश सरकार ने यहां की स्थिति बद से बदतर कर दी है। रक्षामंत्री सिंह ने जनसभा से पहले पद्मश्री अजय मंडावी को उनके घर पहुंचकर सम्मानित किया। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह भी मौजूद थे।
जनसभा में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि 2003 में छत्तीसगढ़ में सरकार बनाने का काम राजनाथ सिंह ने शुरू कराया था। छत्तीसगढ़ के विकास के लिए सड़क और अधोसंरचना बनाने का काम भाजपा की सरकार ने किया था, लेकिन आज छत्तीसगढ़ के बेरोजगार युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं। जबसे कांग्रेस की सरकार बनी है तब से सिर्फ घोटाला हुआ है। अवैध सट्टा, बलात्कार की घटनाएं आम हो गई हैं।