-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर साधा निशाना
-छत्तीसगढ़ को एटीएम समझती है कांग्रेस: मोदी
-भाजपा की विजय संकल्प रैली को संबोधित किया
-कहा, कांग्रेस ने गंगा जी की झूठी कसम खाकर 36 वादे किये
-प्रधानमंत्री ने 7 हजार करोड़ रुपये की योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास भी किया
आजाद सिपाही संवाददाता
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि छत्तीसगढ़ का निर्माण भाजपा ने किया है। यहां के लोगों को भाजपा ही समझती है। पिछले चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने गंगा जी की झूठी कसम खायी। शराबबंदी समेत 36 वादे किये, लेकिन वादे पूरे नहीं किये। कांग्रेस छत्तीसगढ़ को एटीएम समझती है। हजारों करोड़ का शराब घोटाला कर दिया। छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार और कुशासन का मॉडल है। प्रधानमंत्री शुक्रवार को छत्तीसगढ़ में भाजपा की संकल्प रैली को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने राज्य के लिए 7 हजार करोड़ रुपये की योजनाओं का उद्घाटन शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि आज जिन योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास किया गया है, उससे छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा और बेहतर होगी।
भ्रष्टाचार कांग्रेस की सबसे बड़ी विचारधारा:
प्रधानमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ वह राज्य है, जिसके निर्माण में भाजपा की प्रमुख भूमिका रही है। भाजपा ही छत्तीसगढ़ के लोगों को समझती है, उनकी जरूरतों को जानती है। छत्तीसगढ़ के विकास के सामने एक बहुत बड़ा पंजा दीवार बनकर खड़ा हो गया है। ये कांग्रेस का पंजा है, जो आपसे आपका हक छीन रहा है। इस पंजे ने ठान लिया है कि वह छत्तीसगढ़ को लूट-लूट कर बर्बाद कर देगा। कांग्रेस के कोर-कोर में भ्रष्टाचार है। भ्रष्टाचार के बिना कांग्रेस सांस भी नहीं ले सकती है। भ्रष्टाचार कांग्रेस की सबसे बड़ी विचारधारा है। मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ से 36 वादे जो कांग्रेस ने किये थे, उसमें एक ये था कि राज्य में शराबबंदी की जाएगी। 5 साल बीत गये, लेकिन सच ये है कि कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में हजारों करोड़ का शराब घोटाला कर दिया है और इसकी पूरी जानकारी अखबारों में भरी पड़ी है। उन्होंने कहा कि कोल माफिया, सैंड माफिया और लैंड माफिया, न जाने कैसे-कैसे माफिया यहां फल-फूल रहे हैं। यहां सूबे के मुखिया से लेकर तमाम मंत्रियों और अधिकारियों तक पर घोटाले के गंभीर से गंभीर आरोप लगते रहे हैं। आज छत्तीसगढ़ सरकार, कांग्रेस के करप्शन और कुशासन का मॉडल बन चुकी है।
मोदी भ्रष्टाचार पर कार्रवाई की गारंटी है:
प्रधानमंत्री ने खुद की आलोचना करने वालों को जवाब देते हुए कहा कि ये लोग मेरे पीछे पड़े हैं। मेरी कब्र खोदने की धमकी देंगे, मेरे खिलाफ साजिशें रचेंगे। लेकिन उन्हें पता नहीं है, जो डर जाये वह मोदी नहीं हो सकता है। देश के हर भ्रष्टाचारी को एक बात कान खोलकर सुन लेनी चाहिए। वो अगर भ्रष्टाचार की गारंटी है, तो मोदी भ्रष्टाचार पर कार्रवाई की गारंटी है। प्रधानमंत्री ने विपक्षी एकता पर कहा कि जिनके दामन दागदार हैं, वे आज एक साथ आने की कोशिश कर रहे हैं। जो एक-दूसरे को पानी पी-पीकर कोसते थे, वे आज साथ आने के बहाने खोजने लगे हैं।