रांची। रांची सीडब्ल्यूसी के चेयरमैन अजय साह को राजनीतिक दल की सदस्यता ग्रहण करने पर झारखंड सरकार ने बुधवार को नोटिस जारी किया है। उन्हें 15 दिन के अंदर अपना पक्ष रखने को कहा गया है। महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग, झारखंड सरकार द्वारा रांची सीडब्ल्यूसी के अध्यक्ष अजय साह को भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने पर कारण बताओ नोटिस भेजा गया है।
यह नोटिस सरकार के अवर सचिव अरशद जमाल ने भेजा है। नोटिस में अजय साह से पूछा गया है कि भाजपा की सदस्यता लेने पर क्यों ना उनके खिलाफ अनुशासनिक कार्यवाही की जाये? नोटिस में अवर सचिव ने रांची डीसी राहुल सिन्हा और डीडीसी द्वारा विभाग को भेजे गये पत्रांक का हवाला दिया गया है।
रांची डीसी ने महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग, झारखंड सरकार के सचिव को पत्रांक द्वारा अजय साह पर आवश्यक कार्यवाही करने की अनुशंसा की थी। रांची डीसी ने विभाग को अखबारों में छपी खबरों का हवाला दिया था।
उल्लेखनीय है कि 26 मई को रांची सीडब्ल्यूसी के अध्यक्ष अजय साह ने भाजपा के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश की मौजूदगी में सदस्यता ग्रहण की थी। सीडब्ल्यूसी झारखंड सरकार के अधीन एक अर्ध न्यायिक बॉडी है, जिसका काम नाबालिग बच्चों की देखरेख और सुरक्षा से संबंधित मामलों को देखना होता है। समिति एक न्यायपीठ है, जिसमें चार सदस्य और एक अध्यक्ष होते हैं।