जामताड़ा में विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मान कार्यक्रम और विजय संकल्प सभा
जामताड़ा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी शनिवार को जामताड़ा में विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मान कार्यक्रम और विजय संकल्प सभा में शामिल हुए। बाबूलाल मरांडी ने बूथ से लेकर जिला स्तर के कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही हमारी पूंजी हैं। पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों को लेकर घर-घर तक कार्यकर्ता ही जाता है। चुनाव के दिन बूथों पर परिश्रम करता है, पसीना बहाता है तब पार्टी जीत का जश्न मनाती है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के परिश्रम से ही आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। तीन बार से लगातार नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सरकार बन रही है। इसलिए कार्यकर्ताओं का सम्मान बढ़ाना हमारा कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि तीसरी बार मोदी सरकार का संकल्प पूरा करने के बाद हम सब को चैन से तब तक नहीं बैठना है जबतक राज्य से भ्रष्ट, निकम्मी और लुटेरी सरकार को उखाड़ नहीं फेंके। उन्होंने कहा कि आज राज्य की स्थिति बद से बदतर होती जा रही। राज्य के लाखों बेरोजगार युवा दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हैं। 5 लाख प्रतिवर्ष नौकरी देने का वादा पूरी तरह फेल साबित हुआ, बेरोजगारी भत्ता का कोई अता पता नहीं। उन्होंने कहा कि राज्य की विधि व्यवस्था ध्वस्त है। अपराधी बेलगाम हैं। ऐसे में पुलिस जनता को सुरक्षा देने के बजाय लूट और वसूली में लगी है। उन्होंने कहा कि खान, खनिज, जमीन की लूट हो रही। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में जनता ने अपना इरादा बता दिया है। जनता भाजपा और एनडीए को राज्य की सत्ता सौंपने का मन बना चुकी है। राज्य की जनता लूट, भ्रष्टाचार से ऊब चुकी है, परिवर्तन चाहती है।
तुष्टिकरण के नाम पर यह सरकार बांग्लादेशी घुसपैठियों को संरक्षण दे रही
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि संथाल परगना की स्थिति और भयावह है। तुष्टिकरण के नाम पर यह सरकार बांग्लादेशी घुसपैठियों को संरक्षण दे रही है। आज संथाल परगना की डेमोग्राफी बदल चुकी है।आदिवासियों का अस्तित्व खतरे में है। उन्होंने कहा कि राज्य में सुशासन और विकास के लिए विधानसभा चुनाव में भाजपा नेतृत्व की मजबूत सरकार, डबल इंजन सरकार बनाने का संकल्प लें।