-संगठन और जनता के बीच कार्यकर्ता ही सेतु
-कार्यकर्ताओं के परिश्रम और जनता के आशीर्वाद से झारखंड में बनेगी डबल इंजन सरकार
-15 जुलाई तक विधानसभा वार कार्यकर्ता सम्मान सह विजय संकल्प सभा
हजारीबाग। विधानसभा क्षेत्र की विजय संकल्प सभा सह कार्यकर्ता सम्मान कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा की पूंजी कार्यकर्ता ही हैं। पार्टी के नेता तो मंच, माला, माइक से जुड़े रहते हैं, लेकिन एक सामान्य कार्यकर्ता चुपचाप पार्टी के लिए असाधारण कार्य करता है।
उन्होंने कहा कि जमीनी लड़ाई बूथ का साधारण कार्यकर्ता ही लड़ता है। चाहे पन्ना प्रमुख हो या बूथ की समिति। सभी अभिनंदन के पात्र हैं। कदम-कदम पर जनता के सवालों का जवाब कार्यकर्ता ही देते हैं। घर-घर संपर्क कार्यकर्ता ही करते हैं। इसलिए कार्यकर्ताओं को सम्मान देना पार्टी का धर्म है।

उन्होंने कहा कि तीसरी बार मोदी सरकार यह कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम का फल है। इसे आज कांग्रेस-झामुमो सहित इंडी एलायंस के लोग पचा नहीं पा रहे हैं। चाय बेचने वाला तीसरी बार भारत का प्रधानमंत्री बना, यह उन्हें बर्दाश्त नहीं। लोकसभा चुनाव में इंडी एलायंस ने झूठ और दुष्प्रचार का सहारा लिया, लेकिन देश की जनता ने करारा जवाब दिया। केवल केंद्र में मोदी सरकार ही नहीं बनी, बल्कि कई प्रदेशों में एनडीए की सरकार बनी।

उन्होंने कहा कि झारखंड में भी एनडीए को 81 लाख वोट मिले, नौ सीटों पर विजय मिली, जबकि इंडी ठगबंधन 66 लाख वोट के साथ पांच सीटों पर सिमट गया। राज्य के 52 विधानसभा सीट पर एनडीए की जीत हुई है।
झारखंड में विधि व्यवस्था ध्वस्त

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि आज राज्य की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। विधि व्यवस्था ध्वस्त है। व्यवसायियों को अपराधियों के कॉल आते हैं। रंगदारी मांगी जाती है। एक भी उद्योगपति उद्योग लगाने को तैयार नहीं है। पुलिस पदाधिकारियों ने वसूली में महारत हासिल कर ली है। प्रतियोगिता परीक्षा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रही। नौकरियों को लाखों में बेचा जा रहा है।
बालू, पत्थर, कोयला, जमीन की लूट

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि बालू, पत्थर, कोयला, जमीन की लूट मची है। संताल परगना की डेमोग्राफी बदल रही है। 1951 से 2011 की जनगणना रिपोर्ट के अनुसार आदिवासियों की आबादी तेजी से घटती ही जा रही और मुस्लिम आबादी बढ़ रही है। ऐसा लगता है कि कुछ दिनों में संताल परगना से आदिवासियों का अस्तित्व ही समाप्त हो जायेगा। कहा कि जनता आशा भरी निगाहों से भाजपा और एनडीए की ओर देख रही है।

ठगबंधन सरकार के झूठ से जनता ऊब चुकी
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जनता ठगबंधन सरकार के झूठ से ऊब चुकी है। विजय संकल्प सभा के माध्यम से भ्रष्ट, निकम्मी सरकार को उखाड़ फेंकने और मजबूत डबल इंजन सरकार बनाने का संकल्प लें।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version