-सरकार की प्राथमिकता काम करना नहीं, कमाई करना है
-बड़कागांव के समाजसेवी और युवाओं ने थामा आजसू का दामन
रांची। आजसू पार्टी अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता काम नहीं, कमाई है। सरकार में ट्रांसफर-पोस्टिंग और अवैध ट्रांसपोर्टिंग के उद्योग चल रहे हैं। भ्रष्टाचार शिष्टाचार बन गया है। जनसेवा की शपथ लेने वाली सरकार के मुखिया जनता के बारे में सोचने के स्थान पर सिर्फ अपने बारे में सोच रहे हंै। इससे झारखंडी जनमानस के बीच हताशा और निराशा है। सुदेश कुमार महतो शनिवार को कांके रोड स्थित आवासीय कार्यालय में मिलन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान समाजसेवी रामचंद्र साहू के नेतृत्व में बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के कई युवाओं और समाजसेवियों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वाले लोगों का पार्टी में स्वागत करते हुए सुदेश कुमार महतो ने कहा कि सरकार ने सबसे अधिक युवाओं को छलने का काम किया है। उनकी वादाखिलाफी के चलते युवाओं का भविष्य अंधकार में है। आज राज्य के सभी वर्ग के लोग आजसू से जुड़ रहे हैं।

पार्टी के केंद्रीय महासचिव रोशन लाल चौधरी ने कहा कि विकास की असीमित संभावनाओं वाले बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र को विकास से कोसों दूर कर दिया गया है। क्षेत्र के विकास के लिए कोई काम नहीं हुआ है। विस्थापन का दंश झेल रहे बड़कागांव के लोग आजसू की ओर उम्मीद भारी निगाहों से देख रहे हैं। हम सभी मिलकर जनाकांक्षाओं के अनुरूप विकसित बड़कागांव बनाने का काम करेंगे।

इन्होंने ली सदस्यता
रामचंद्र साहू के नेतृत्व में मनोज साव, सोनू साव, विनोद साव, मोहन साव, शिव साव, शंकर साव, सूरज कुमार साव, दिलचंद साव, ईश्वरी साव, कमलनाथ साव, नरेंद्र लाल साव समेत अन्य ने पार्टी की सदस्यता ली।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version