पलामू। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे द्वारा लोकसभा में झारखंड राज्य के अभिन्न अंग संथाल-परगना, बिहार एवं पश्चिम बंगाल के कुछ जिलों को मिलाकर केंद्रशासित प्रदेश बनाने के संबंध में दिए गए बयान के विरोध में झामुमो पलामू ने मंगलवार को मेदिनीनगर में विरोध प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व झामुमो पलामू के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद सिन्हा ने किया।
निशिकांत दुबे के इस बयान को झामुमो ने झारखंड विरोधी बयान बताया है और पूरे झारखंड में झामुमो इसका विरोध उग्र तरीके से कर रही है। निंदा हो रही है। झामुमो जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिन्हा ने कहा कि निशिकांत द्वारा झारखंड तोड़ने की बात संसद में कहना दर्शाता है कि भाजपा की मंशा झारखंड के टुकड़े करने की है। भाजपा और उसके बाहरी सांसद को माफी मांगनी चाहिए। झारखंड हमारे पूर्वजों और आंदोलनकारियों की कुर्बानियों के बाद मिला है। हजारों लोग शहीद हुए तब जाकर झारखंड बना है।
झामुमो ने झारखंड को बनाया है तो बचाना भी जानता है। भाजपा के इस झारखंड विरोधी चाल को झारखंड की जनता समझ चुकी है। झारखंड में भाजपा कभी सत्ता में नहीं आने वाली है। देश के लोगों में फूट डालने की राजनीति करते करते ये अब झारखंड को तोड़ने में लग गए हैं।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन जी आंदोलनकारी और लड़कर झारखंड को अलग करने वाले दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी के पुत्र हैं, वो झारखंड को टूटने नहीं देंगे।
कार्यक्रम में जिला सचिव सन्नू सिद्धिकी, केंद्रीय समिति सदस्य संजीव तिवारी, सुनील तिवारी, मुन्ना सिन्हा कोषाध्यक्ष रमेश सिंह, उपाध्यक्ष राकेश सिन्हा, असफर रब्बानी सहित सैकड़ों झामुमो के कार्यकर्ता उपस्थित थे।