रांची। राज्य में मानसून का प्रवेश 22 मई को ही हुआ। इसके बाद भी राज्य में उम्मीद से काफी कम बारिश दर्ज की जा रही है। अभी भी राज्य के कुछ जिलों में भरपूर बारिश नहीं हुई है। ऐसे में खेती पर असर पड़ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची की मानें तो अब तक पूरे राज्य में सामान्य वर्षापात 255.3 मिमी की जगह 129.3 मिमी वर्षा रिकार्ड की गयी है, जबकि राजधानी रांची में 263 मिमी की जगह 138.5 मिमी वर्षा रिकार्ड की गयी है। यह पिछले वर्ष की तुलना में कम है। हालांकि मौसम विज्ञान केंद्र ने जुलाई के शुरूआती दिनों में अच्छी बारिश की जानकारी दी थी। मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो राज्य में मानसून सुस्त पड़ गया है। पहले जहां मानसून की रफ्तार राज्य में अच्छी थी और अधिकांश जिलों में बारिश हो रही थी, वहीं, अब बारिश में ठहराव देखा जा रहा है।
केंद्र की मानें तो राज्य में 13 जुलाई तक भारी बारिश की कोई संभावना नहीं है। इस दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाये रहेंगे। वहीं, दिन में एक दो बार बारिश हो सकती है। वहीं, राजधानी रांची में 13 जुलाई तक आसमान में बादल छाये रहेंगे और हल्की और मध्यम दर्जे की वर्षा होने की प्रबल संभावना है।
पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे अधिक बारिश खूंटी रनिया में 74.2 एमएम बारिश दर्ज की गयी। मसानजोर और जामताड़ा में 68 एमएम बारिश दर्ज की गयी। वहीं, चतरा, देवघर, धनबाद, गढ़वा, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, रामगढ़, रांची में छिटपुट बारिश देखने को मिली।