रांची। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार में अपराधियों का बोलबाला इस कदर बढ़ गया है कि शिक्षक समेत राज्य के अन्य कर्मचारी नौकरी छोड़ कर दूसरे प्रदेश में जाने को विवश हो रहे हैं। भय का वातावरण सिर्फ राज्य की सड़कों पर व्याप्त नहीं है, बल्कि लोगों के जेहन में भी है। जब चोरों, डकैतों और अपराधियों को संरक्षण सरकार से मिल रहा है, तो जनता ऐसे में करे, तो करे क्या। महिलाएं असुरक्षित हैं। झारखंडवासी परेशान हैं।

शुरू से स्वयंसेवक रहा, यह मेरा सौभाग्य
बाबूलाल ने एक्स पर एक दूसरा पोस्ट भी किया है। उन्होंने पोस्ट में लिखा कि मेरा सौभाग्य है कि जीवन के प्रारंभिक दिनों से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का स्वयंसेवक रहा हूं। संघ की गतिविधियों से जुड़ कर व्यक्तिव विकास, चरित्र निर्माण, समाजसेवा और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित होती है। दुर्भावना और पूर्वाग्रह की राजनीति से प्रेरित होकर कांग्रेस ने केंद्रीय कर्मचारियों को संघ की गतिविधियों में भाग लेने पर प्रतिबंध लगा दिया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने कांग्रेस के इस तुगलकी फैसले को बदल कर समाज के बड़े वर्ग को संघ के संस्कार प्राप्त करने का अवसर प्रदान किया है। इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री का हृदयतल से आभार!

कांवरियों पर हमले के खिलाफ झारखंड पुलिस जल्द ले एक्शन
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कांवरियों पर हमले की निंदा की। सोशल मीडिया के जरिये कहा कि कांवरियों पर रांची-लोहरदगा ट्रेन में जानलेवा हमला और पथराव की सूचना है। असामाजिक तत्वों द्वारा दो-तीन स्टेशनों पर इस घटना को अंजाम दिया गया है। बाबूलाल ने चिंता जाहिर करते कहा है कि पवित्र सावन मास में शिवभक्तों के ऊपर ऐसा कायराना हमला निंदनीय है। उन्होंने झारखंड पुलिस से मामले का संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version