कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता और राज्य के बाकी हिस्सों में इस पूरे हफ्ते बारिश का सिलसिला जारी रहने वाला है। मंगलवार को मौसम विभाग की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि कोलकाता में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।

पिछले 24 घंटों में कोलकाता में अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.3 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक है। अधिकतम आर्द्रता 91 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 70 प्रतिशत दर्ज की गई है। इस अवधि में 2.9 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।

दक्षिण बंगाल के अधिकांश हिस्सों यानी हावड़ा, हुगली, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, पुरुलिया, बांकुड़ा में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है। गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। कुछ स्थानों पर मौसम अधिक गर्म और आर्द्र हो सकता है।

उत्तर बंगाल के अलीपुरद्वार, कूचबिहार, जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग और कलिमपोंग के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इन क्षेत्रों में मौसम अपेक्षाकृत ठंडा और नम रहने की उम्मीद है। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। पहाड़ी इलाकों में बारिश की संभावना अधिक है, जिससे तापमान में गिरावट देखी जा सकती है। इस पूरे हफ्ते इसी तरह का मौसम रहने वाला है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version