रांची। सिरमटोली मेकन फ्लाइओवर का काम 60 फीसदी पूरा हो चुका है। काम पूरा करने के लिए सिमरटोली के पास रेलवे ब्लॉक लेने की जरूरत है। फ्लाइ ओवर निमार्ण कार्य कर रही कंपनी एलएंडटी इसके लिए लगातार रांची रेल मंडल और पथ निर्माण विभाग के साथ मिल कर काम कर रही है। रेलवे से ब्रिज निर्माण के लिए एनओसी मिलने पर इस कार्य को गति दी जायेगी, जिसके बाद योजना पूरी कर ली जायेगी। रांची रेल मंडल की मानें तो रेलवे के अधिकारी लगातार रेलवे ब्लॉक लेने की समीक्षा कर रहे हैं। कंपनी एलएंडटी ने पहले ही रेलवे से 119 घंटे ब्लॉक लेने की मांग की है।

ये ब्लॉक अलग-अलग दिनों में चार-चार घंटे कर लेने की मांग की गयी है। ऐसे में रेलवे की टीम इसकी समीक्षा कर रही है। रेलवे अधिकारियों की मानें तो रेलवे ने कंपनी को एक फॉर्मेट दिया है, जिसे भर कर देना है। फॉर्मेट मिलने पर रेलवे इसकी फिर समीक्षा करेगा। इसमें स्पष्ट होगा कि कंपनी किस तरह और कैसे ब्लॉक चाहती है और रेलवे को इसके लिए क्या तैयारी करनी है। ब्लॉक लेने के दौरान कैसे समुचित ढंग से ट्रेनों का परिचालन होगा। रांची रेल मंडल की मानें तो इन सभी पहलुओं पर विचार के बाद रिपोर्ट दक्षिण पूर्व रेलवे भेजा जायेगा। सहमति मिलने के बाद इस पर काम आगे किया जा सकता है। बता दें कि फ्लाइओवर के लिए निवारणपुर से पटेल चौक तक केबल स्टे ब्रिज का निर्माण करना है। यह रांची रेलवे क्रॉसिंग के ऊपर बनेगा। ऐसे में रेलवे ब्लॉक जरूरी है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version