रांची। भाजपा की सरकार ने डोमिसाइल आंदोलन के दौरान आदिवासियों पर गोली चलवायी। लैंड बैंक बनाकर भाजपा की ही सरकार ने आदिवासियों की जमीन लूटी। ये बातें सदन के अंदर कांग्रेस विधायक शिल्पी नेहा तिर्की ने कही। वह अनुपूरक बजट के समर्थन में बोल रही थीं। उन्होंने कहा कि आदिवासियों की सामाजिक जमीन, धार्मिक जमीन और वन जमीन को लैंड बैंक बना कर लूटा गया। आदिवासियों की चिंता इनका महज दिखावा है। इन्हीं लोगों ने 1985 को कट आॅफ बना कर बाहरियों को घुसाया।
झारखंडी मुसलमान को बांग्लादेशी बताना शर्मनाक
शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि असम और मध्यप्रदेश के लोग झारखंड में आकर नफरत फैला रहे हैं। वह असम सीएम हिमंता बिस्वा सरमा और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को निशाने पर ले रही थीं। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य यह है कि बीजेपी के लोग झारखंडी मुसलमान को बांग्लादेशी बता रहे हैं। यह शर्मनाक है। वोट की राजनीति के लिए बीजेपी के लोग नफरत फैला रहे हैं।