-गठबंधन में जेएमएम-कांग्रेस दो कुंभकरण, ये बालू, खनिज और पहाड़ खा रहे
-सोरेन सरकार ने केवल होर्डिंग्स में ही नौकरियां दीं, ना बेरोजगारी भत्ता मिला, ना बहनों को घर खर्च के 2 हजार
रांची। केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री और झारखंड के चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को झारखंड की हटिया विधानसभा में अभिनंदन सह-विजय संकल्प सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज का दिन नेताओं के स्वागत का नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के सम्मान का दिन है। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता नींव के पत्थर हैं। कार्यकर्ताओं से ही पार्टी को मजबूती मिलती है। वहीं श्री चौहान ने कहा कि, मैं अतिथि नहीं हूं, मैं मामा और भैया हूं, आपके परिवार का सदस्य हूं। हम सब एक परिवार हैं इसलिए हमें आत्मीयता से काम करना है। आनेवाले विधानसभा चुनाव में बेइमानों की सरकार को उखाड़ कर फेंकना है और झारखंड को बचाना है।
झारखंड में अपराध चरम पर
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हेमंत सोरेन सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि, सोरेन सरकार ने झारखंड में भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा कर दी है। प्रदेश में भ्रष्टाचार की नित्य नयी परिभाषा गढ़ी जा रही है। राज्य में घोटालों और भ्रष्टाचार से जनता त्राहिमाम कर रही है। श्री चौहान ने कहा कि, झारखंड में अपराध भी चरम सीमा पर है। उन्होंने एनसीआरबी के आंकड़ों का उल्लेख करते हुए बताया कि पिछले साढ़े चार साल में 7 हजार 812 हत्याएं हुर्इं। इनकी सरकार में 7 हजार 115 बलात्कार हुए। झारखंड की धरती पर 6 हजार 937 अपरहरण हुए। दंगे 8 हजार 592 हुए। लूट 2 हजार 721 हुईं। डकैती 485 हुई। और संघेय अपराध 2 लाख 73 हजार 261 हुए। रुबिका जैसी बिटिया के टुकड़े-टुकड़े कर के और एक नहीं 50… 50 टुकड़े कर फेंकने का काम इस सरकार में अपराधी करते हैं। इस सरकार को शर्म आनी चाहिए, जो बहनों और बेटियों की इज्जत नहीं बचा सकती। उनका अपमान करती है। इतना ही नहीं इस सरकार में घुसपैठिए जनजाति बेटियों से शादी कर जमीनें हड़प कर हकदार भी बन रहे हैं और उनके नाम से चुनाव तक लड़ रहे हैं।
सोरेन सरकार में क्या मिला
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, चुनाव से पहले गठबंधन सरकार ने जनता से सैकड़ों वादे किये थे, लेकिन मिला कुछ नहीं। पांच लाख नौकरियां देने का वादा था, लेकिन नौकरियां केवल होर्डिंग्स में ही मिली। पांच हजार रुपये स्नातक और सात हजार रुपये स्नातकोत्तर को बेरोजगारी भत्ता देने का वादा था, लेकिन ना नौकरी मिली ना ही बेरोजगारी भत्ता मिला। गरीब बहनों को 2 हजार रुपये घर खर्च देने का वादा था, पांच सालों में उन्हें भी घर खर्च नहीं मिला। महिलाओं को बिना गारंटी, केवल आधार कार्ड पर 50 हजार रुपये का लोन देने का वादा था, लेकिन आज तक किसी भी बहन को लोन नहीं मिल सका। किसानों से किसान बैंक खोलने का वादा किया था, लेकिन कहीं भी किसान बैंक नहीं खुला। उल्टा इन्होंने तो झारखंड की जनता से छीना है। जब झारखंड में भाजपा की सरकार थी तो पांच एकड़ तक के किसानों को पांच हजार रुपये प्रति एकड़ दिया जाता था, लेकिन सोरेन सरकार ने सत्ता में आते ही किसानों से ये राशि छीन ली। भाजपा सरकार में 50 लाख तक की संपत्ति बहन-बेटी के नाम पर खरीदी जायेगी, तो केवल 1 रुपये में रजिस्ट्री हो जायेगी। इन्होंने बहनों से ये भी छीन लिया। सोरेन सरकार ने दिया नहीं ,बल्कि सब कुछ छीन लिया। उन्होंने कहा कि, मैं प्रधानमंत्री जन-मन योजना के अंतर्गत जो मकान बन रहे थ, उन्हें देखने गया था। तो मुझे वहां बहनों ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने तो पैसा भेज दिया, लेकिन बालू नहीं मिल रहा। बालू हमें किलो से मिल रहा है। तौल तौल कर मिल रहा है। ये बालू तक खा गये। झारखंड की जनता को क्या मिला..? मिली खनन की लूट, मिली बालू की लूट, मिला भ्रष्टाचार। खनन भी ऐसा कि पहाड़ के पहाड़ गायब हो गये। ये मिला है झारखंड को।
ये झारखंड को बचाने का चुनाव है
केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने यहां करोड़ों रुपये भेजे, जिससे घर-घर पीने का पानी, नल की पाइप से मिल जाये, लेकिन झारखंड के बहनों भाइयों मैं आपसे पूछना चाहता हूं बताओ आपको पाइप लाइन डाल कर नल से पानी मिला क्या..? हेमंत सोरेन की सरकार वाले पानी का पैसा भी पी गये। श्री चौहान ने कहा कि हमने सुना है कि कुंभकरण छह महीना सोता था और छह महीना जगता था और जागता था तो सिर्फ खाते ही रहता था। ये गठबंधन के दो कुंभकरण केवल रोटी नहीं खाते। ये बालू भी खाते हैं, ये खनिज भी खाते हैं, ये पहाड़ भी खाते हैं। ये केंद्र का भेजा पैसा खाते हैं और ये गरीबों के मकान खा जाते हैं। इन्होंने झारखंड को तबाह और बर्बाद कर दिया। श्री चौहान ने कहा कि ये गठबंधन की सरकार अगर पांच साल और आ गयी तो झारखंड बचेगा नहीं, और इसलिए ये चुनाव झारखंड को बचाने का चुनाव है। ये झारखंड की जनता का सम्मान बचाने का चुनाव है। ये झारखंड की संस्कृति और अस्मिता को बचाने का चुनाव है। उन्होंने कहा कि इस सरकार से मुक्ति पाने के लिए भाजपा को महा विजय दिलानी है। सभी इस संकल्प के साथ चुनाव कार्य में जुट जायें।