रांची। मंगलवार सुबह से राज्य भर में बारिश हो रही है। अलग-अलग हिस्सों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश के साथ भारी बारिश भी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग की मानें तो राज्य में 3 जुलाई तक उत्तर पूर्वी और निकटवर्ती मध्य भागों में भारी बारिश की जानकारी है। इसमें रांची, रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी, गुमला, बोकारो, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ में भारी बारिश की संभावना है।
इस दौरान वज्रपात भी होने के संकेत हैं। केंद्र ने इसके लिए यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, 4 से 6 जुलाई को भी राज्य के अधिकांश हिस्से में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। हालांकि 10 जुलाई तक राज्य में मानसून के सक्रिय रहने की जानकारी दी गयी है। मौसम विभाग की मानें, तो आने वाले दो दिनों में तापमान में पांच डिग्री की कमी दर्ज की जायेगी। इसके बाद तापमान में कोई बदलाव नहीं होगा। ऐसे में राज्य का औसतन तापमान 28 डिग्री तक होने की जानकारी दी गयी है।
राजधानी रांची की बात करें तो 8जुलाई तक राज्य में बादल छाये रहेंगे। वहीं इस दौरान दिन में बारिश होने की संभावना है।